


चार श्रम संहिताओं के विरोध में संयुक्त मोर्चा का नॉर्थ साउथ एकीकृत कुजामा परियोजना पर प्रदर्शन 

डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : केंद्र सरकार की ओर से चार श्रम कानून संहिताओं को लागू किए जाने के विरोध में संयुक्त मोर्चा की ओर से नॉर्थ साउथ एकीकृत कुजामा परियोजना के 6 नंबर क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व भगवानदास पासवान एवं धर्मेंद्र राय ने किया।
नेतृत्वकर्ताओं ने कहा कि चारों श्रम संहिताएं पूरी तरह मजदूर विरोधी हैं। पहले जहां मजदूरों के हित में 40 श्रम कानून थे, वहीं अब उन्हें समेटकर मात्र चार कानून कर दिया गया है, जो मजदूरों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि इन कानूनों के लागू होने से मजदूरों को अपनी समस्याएं रखने में कठिनाई होगी और वे अपने अधिकारों एवं सेवाओं से वंचित हो जाएंगे। जब कानून ही कमजोर कर दिए जाएंगे तो मजदूर अपनी शिकायत लेकर कहां जाएंगे।
संयुक्त मोर्चा के नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई ये चारों श्रम संहिताएं मजदूरों के हित में नहीं हैं। उन्होंने प्रबंधन एवं सरकार से इन कानूनों को अविलंब वापस लेने की मांग की, अन्यथा आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी।
नेताओं ने बताया कि सोमवार को इसके खिलाफ नॉर्थ तिसरा परियोजना कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा तथा क्षेत्र में रैली भी निकाली जाएगी।
मौके पर शैलेंद्र प्रसाद सिंह, अनिल सिंह, रितेश निषाद, मनोज कुमार पासवान, वीरेंद्र पासी, तेज बेलदार चौधरी, चरण महतो, सुजीत मंडल, पशुपतिनाथ देव, भारत भूषण सिंह, गणेश पासवान, कृष्ण प्रसाद सिंह, गौतम देव, सनातन टूडू सहित अन्य लोग उपस्थित थे।



