बरमसिया में ट्रांसपोर्टर व मजदूरों में भिड़ंत, चली सात राउंड गोली, मजदूर जख्मी, माउजर व खोखा बरामद, भाजपा का झंडा लगा काली स्कार्पियो जब्त

Advertisements

बरमसिया में ट्रांसपोर्टर व मजदूरों में भिड़ंत,

चली सात राउंड गोली, मजदूर जख्मी,

माउजर व खोखा बरामद, भाजपा का झंडा लगा काली स्कार्पियो जब्त

डीजे न्यूज, धनबाद: धनसार थाना क्षेत्र के बरमसिया स्थित एफसीआई गोदाम में गुरुवार को ट्रांसपोर्टर व चावल लोड कर रहे मजदूरों के बीच भिड़ंत हो गई। इस दौरान सात राउंड गोलियां चली। फायरिंग में श्रवण नामक मजदूर के पैर में गोली लगने से वह जख्मी हो गया। जख्मी मजदूर विनोद नगर का रहने वाला है।   लोगों ने जख्मी श्रवण को धनबाद के एक अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है।  घटना से आक्रोशित मजदूरों ने ट्रांसपोर्टर संजय सिंह के पुत्र कुणाल सिंह सहित तीन लोगों की जमकर पिटाई कर दी। सूचना पाते ही धनसार पुलिस दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची।

माउजर, खोखा बरामद, भाजपा का झंडा लगा स्कार्पियो जब्त
पुलिस ने घटनास्थल से एक माउजर, खोखा बरामद किया है। साथ ही भाजपा का झंडा लगा एक काली रंग की स्कार्पियो भी जब्त किया है।

मजदूरों का कथन
मजदूरों ने बताया की ट्रक चालकों द्वारा भाड़ा बढ़ाने को लेकर आंदोलन कर रहे थे। आंदोलन के चलते रेलवे रैक से चावल की लोडिंग प्रभावित हो गया। इसी बात से नाराज होकर ट्रांसपोर्टर पक्ष के संजय सिंह, कुणाल सिंह सहित एक दर्जन लोग दो स्कॉर्पियो से पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। इसके विरोध में मजदूरों ने भी उक्त लोगों पर हमला कर दिया।

पुलिस छावनी में तब्दील
घटना के बाद तनाव को देखते हुए एफसीआई गोदाम के पास काफी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बैंक मोड़ और धनसार पुलिस घटना पर नजर रख रही है। पुलिस ने मौके से कई लोगों को हिरासत में लिया है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top