



बलियापुर थानेदार को करेंं निलंबित : सतीश केडिया
बिना अपराध साबित हुए आतंकवादियों की तरह रोड पर परेड कराना कमर में रस्सा बांधकर ले जाना कतई मंजूर नहीं
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश केडिया ने धनबाद जिला के बलियापुर में रामनवमी जुलूस को लेकर हुई घटना में गिरफ्तार व्यक्तियों को सड़क पर परेड कराने का विरोध करते हुए वहां के थानेदार को तत्काल निलंबित करने की मांग की है। सतीश केडिया ने कहा कि आतंकवादियों की तरह रोड पर परेड कराना कमर में रस्सा बांधकर ले जाना कतई मंजूर नहीं किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि वह कांग्रेस द्वारा आयोजित जिलाध्यक्षों के ट्रेनिंग प्रोग्राम मे गिरिडीह से बाहर थे। वहां से लौटते ही पीड़ित परिवार से मिलकर स्थानीय पुलिस के खिलाफ आंदोलन करेंगें। बलियापुर में रामनवमी के दिन हुई घटना को लेकर कांग्रेस पार्टी का रुख पूरी तरह स्पष्ट है कि जो भी दोषी हो उन पर कार्रवाई होनी चाहिए। किसी को भी सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की अनुमति नहीं हो सकती लेकिन पुलिस को यह किसने अधिकार दिया कि किसी के भी दोषी सिद्ध होने से पहले उन्हें दोषियों की तरह परेड कराया जाए। हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि बिना पूरी जांच और सत्य सामने आए किसी भी समुदाय को निशाना बनाना गलत है। ऐसे समय में सभी राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की जिम्मेदारी है कि वे शांति, भाईचारा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
हम मुख्यमंत्री से मांग करते हैं कि घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए और वास्तविक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और इस मामले में पुलिस द्वारा जिस तरह का बर्ताव किया गया है उसके लिए आरक्षी अधीक्षक और बलियापुर थाना प्रभारी पर सख्त कार्रवाई की जाए
कांग्रेस पार्टी हजारीबाग में भी हुई हिंसा और दुष्कर्म की घटना कि कड़ी निंदा करते है। दोषी कोई भी हो, उस पर सख्त कार्रवाई हो और अभिलंब उनको गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे भेजने का काम प्रशासन करे।

हम प्रशासन से मांग करते हैं कि निष्पक्ष और पारदर्शी जांच हो, ताकि सच्चाई सामने आए और समाज में शांति बनी रहे। न्याय करो नफरत नहीं।


