
बलियापुर में विधिक सशक्तिकरण शिविर का आयोजन, महिलाओं और किसानों को मिला ऋण
न्यायिक दंडाधिकारी अनामिका कश्यप ने लीगल कैंप के महत्व पर डाला प्रकाश
डीजे न्यूज, बलियापुर, धनबाद :
रविवार को बलियापुर प्रखंड कार्यालय सभागार में धनबाद जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) की ओर से मेगा लीगल एंपावरमेंट कैंप का आयोजन किया गया। इस अवसर पर धनबाद व्यवहार न्यायालय की न्यायिक दंडाधिकारी अनामिका कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थीं।
उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को बताया कि सरकार जरूरतमंदों के लिए मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध कराती है, जिससे गरीब, असहाय, महिलाएं और अन्य कमजोर वर्गों को न्याय मिल सके। उन्होंने घरेलू हिंसा, सड़क दुर्घटना और अन्य आपराधिक मामलों में सरकार की ओर से दी जाने वाली मुआवजा योजना की जानकारी भी दी।
इस मौके पर अधिकार मित्र एजाज अहमद ने अनाथ बच्चों, विधवा महिलाओं और वंचित वर्गों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की।
कैंप में लाभ वितरण:
JSPLS ग्राम संगठन की 8 महिलाओं को 6 लाख रुपये का ऋण चेक
कृषि विभाग की ओर से 5 किसानों को 4 लाख रुपये का ऋण चेक प्रदान किया गया
कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख पिंकी देवी, उप प्रमुख आशा देवी तथा जिला परिषद सदस्य उषा महतो ने दीप प्रज्वलन कर किया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।