
बलियापुर में मजदूर की मौत के बाद मुआवजा राशि को लेकर हंगामा
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद) : बलियापुर स्थित मोको गांव के 32 वर्षीय ज्योति लाल टुडू की मंगलवार को कर्नाटक में कार्य स्थल पर एक दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। शुक्रवार को मृतक का शव मोको स्थित चेलाडंगा टोला पहुंचने पर गांव का माहौल गमगीन हो गया। मृतक की पत्नी कविता टुडू, दोनों बच्चे और अन्य परिजन दहाड़ मार-मार कर रो रहे थे।
परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंचे गणमान्य लोग
मृतक के आवास पर दोलाबड़ पंचायत की मुखिया सुनीता मलिक, उनके पति राकेश मलिक, पंचायत समिति सदस्य भोलानाथ महतो, उप प्रमुख आशा देवी, बलियापुर के मुखिया गणेश महतो, पूर्व मुखिया संतोष रवानी, नयन ठाकुर समेत अनेक गणमान्य लोग पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।
मुआवजा राशि को लेकर परिजनों का हंगामा
मृतक के परिजनों ने मुआवजा राशि के लिए विकास सरकार और संजय कुमार राय पर दबाव डाला। बताया कि दुर्घटना में ज्योति लाल टुडू की मौत के बाद कर्नाटक की एसएसपी प्राइवेट लिमिटेड ने मृतक के आश्रित को 5 लाख रुपये की मुआवजा राशि देने का आश्वासन दिया था। आज मृतक का शव उनके आवास पहुंचने के बाद कंपनी की ओर से मृतक की पत्नी कविता टुडू के बैंक खाते में 2 लाख रुपये की मुआवजा राशि भेज दी गई। मृतक के परिजन शेष 3 लाख रुपये की मुआवजा राशि भी तत्काल भुगतान करने की मांग को लेकर शव का दाह संस्कार नहीं करने पर अड़े हैं।
शव का दाह संस्कार नहीं करने का निर्णय
परिजनों का कहना है कि जब तक तय मुआवजा राशि का भुगतान नहीं हो जाता, शव को रिसीव नहीं करेंगे। फिलहाल शेष राशि का भुगतान तत्काल करने को लेकर कंपनी से लोग संपर्क बनाए हुए हैं। समाचार लिखे जाने तक जिस एंबुलेंस से मृतक का शव लाया गया है, शव एंबुलेंस में ही रखा है।