बलियापुर में जुलूस पर पथराव से बवाल, पुलिस लाठी चार्ज के बाद कर्फ्यू प्रशासनिक सख्ती से स्थिति नियंत्रित, तनाव बरकरार

Advertisements

बलियापुर में जुलूस पर पथराव से बवाल, पुलिस लाठी चार्ज के बाद कर्फ्यू

प्रशासनिक सख्ती से स्थिति नियंत्रित, तनाव बरकरार

डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद) : बलियापुर थाना क्षेत्र के भिखराजपुर के पास शुक्रवार की शाम पत्थरबाजी की घटना ने तूल पकड़ लिया। बलियापुर बाजार चौक पर आयोजित अखाड़ा में शामिल होने बाइक जुलूस पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही  खेल प्रदर्शन में शामिल लोग पैदल ही भीखराजपुर की ओर कुच कर गए । पुलिस ने पैदल जा रहे लोगों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए धारा 144 की घोषणा कर दी। इसके बावजूद भीड़ भिखराजपुर की ओर बढ़ने लगी।
भीड़ को अनियंत्रित होता देख बलियापुर प्रखंड कार्यालय चौक के पास पुलिस ने लाठी चार्ज कर दी।
लाठी चार्ज में आमजनों के साथ-साथ पत्रकार भी चोटिल हुए हैं। जख्मी पत्रकारों में सुरेंद्र महतो, एसके कलीम आदि शामिल हैं। पत्रकार सुरेंद्र को गंभीर चोटें आई है।
इधर पत्थरबाजी से घायल हुए दो लोगों को बलियापुर सामुदायिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

कर्फ्यू की घोषणा

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हरकत में आ गई। रात करीब 8:30 बजे पुलिस ने ध्वनि विस्तारक यंत्र से बलियापुर बाजार चौक से भिखराजपुर तक कर्फ्यू लगने की घोषणा कर दी।

क्या है मामला

घटना के संबंध में बताया जाता है कि शाम करीब 6 बजे बलियापुर अखाड़ा दल के कई सदस्य बाइक पर झंडा बांधकर रैली की शक्ल में हीरक चौक तक पहुंचे जहां पहले से और कई झंडा लगा बाइक खड़ी थी। सभी नारेबाजी करते हुए बलियापुर बाजार चौक की ओर जा रहे थे। भिखराजपुर के पास दूसरे संप्रदाय के युवकों ने बाइक रैली में शामिल युवकों पर आपत्तिजनक शब्द कह दिया। कुछ लोगों का यह भी कहना है कि इस दौरान बाइक रैली में शामिल लोगों पर पत्थरबाजी भी की गई। साथ ही बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
भिखराजपुर की घटना के दौरान बलियापुर बाजार चौक पर खेल प्रदर्शन चल रहा था। इसी दौरान भिखराजपुर की घटना को मंच के लोगों तक पहुंचे गई । घटना का जिक्र माइक से करने पर लोग भड़क गए और खेल प्रदर्शन के दौरान मौजूद लोग बेकाबू हो गए और सभी भिखराजपुर की ओर चल दिए। अनेक प्रबुद्ध लोगों ने स्थिति पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन लोग उतावला हो गए और किसी की बात नहीं मानी।
इधर बलियापुर बाजार चौक से भिखराजपुर तक भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। घटना के बाद जिला प्रशासन के सभी वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी बलियापुर में कैंप किए हुए हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top