

बलियापुर की खबरें:-
सोनोत संथाल समाज ने किया जनसंपर्क,
महारैली को सफल बनाने की अपील
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): धनबाद जिला मुख्यालय में 13 अक्टूबर को आदिवासियों की ओर से प्रस्तावित आक्रोश महारैली को सफल बनाने के लिए बुधवार को सोनोत संथाल समाज का प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया। इसकी जानकारी देते हुए समाज के नुनूलाल हेंब्रम ने बताया कि पांडेडीह, चालधोवा, ब्राह्मणडीहा, जगदीश गोपीनाथडीह, ढांगी, कर्माटांड़, धोखरा, गुल्लूडीह आदि गांव में आदिवासियों से संपर्क कर महारैली में शामिल होकर सफल बनाने की अपील की गई । दौरे में राजेंद्र किस्कू, नुनु लाल हेंब्रम, सुधीर हांसदा, नरेश हेंब्रम, धरणीधर किस्कू, जयदेव हांसदा, जीतलाल किस्कू आदि थे।
———————–
अमित महतो गिरफ्तार,
रांची व बलियापुर पुलिस ने आसनसोल में दबोचा,
जनप्रतिनिधियों के खिलाफ अपशब्द का प्रयोग का है मामला
बलियापुर: बिरसा न्यूज़ यूट्यूब के कथित पत्रकार बलियापुर के परसबनिया निवासी अमित महतो को बुधवार को पुलिस ने आसनसोल से गिरफ्तार कर लिया। छापामारी में रांची पुलिस के साथ बलियापुर पुलिस भी शामिल थी। इस संबंध में पूछे जाने पर बलियापुर के थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार ने स्पष्ट रूप से कुछ भी बोलने से परहेज किया। मालूम हो कि अमित महतो अपने यूट्यूब चैनल के माध्यम झारखंड के पूर्व मंत्री व टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो के अलावा बलियापुर के सीओ, बीडीओ, थाना प्रभारी आदि का नाम लेकर अपशब्द का प्रयोग किया था। इस संबंध में बलियापुर, तोपचांची, तिसरा थाना समेत झारखंड के अन्य कई थानों में अमित के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस उसे काफी दिनों से तलाश रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने आसनसोल में छापा मार कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
