



बलियापुर की खबरें:

जमीन बिक्री के नाम पर महिला से ठगी
थाना में शिकायत
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद):धनबाद के जयप्रकाश नगर की रहने वाली रेणु देवी ने जमीन बिक्री के नाम साढ़े आठ लाख की ठगी करने का आरोप लैंडमार्क समिति के मालिक बोकारो निवासी संजीत कुमार तिवारी के खिलाफ लगाते हुए बलियापुर थाना में लिखित शिकायत दी है।
शिकायत में कहा है कि कर्माटांड़ स्थित लैंडमार्क समिति की 3.44 डेसिमल जमीन के नाम पर संजीत व अन्य ने उक्त राशि ले ली। लैंडमार्क समिति के बैंक खाते में चार किस्त में राशि का भुगतान कर दिया। उसने जमीन की रजिस्ट्री भी करवा दी, लेकिन जब दाखिल खारिज करने अंचल कार्यालय पहुंचा तो उक्त जमीन के कागजात को फर्जी बताया गया। भुक्तभोगी ने आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
———————-
सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आंदोलन का निर्णय
बलियापुर: धनबाद बोकारो क्षेत्रीय राजपूत समाज की बैठक रविवार को बलियापुर के गोलमारा में हुई। अध्यक्षता कार्यकारी अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह ने की। बैठक में दहेज प्रथा, नशाखोरी, शराबखोरी के विरुद्ध आंदोलन चलाने के साथ-साथ समाज में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कार्य करने का निर्णय लिया गया। संचालन केंद्रीय मंत्री शिरीष कुमार सिंह कर रहे थे। बैठक में पशुपतिनाथ सिंह, प्रभात सिंह, सुशील सिंह, अतुल सिंह, युद्धेश्वर सिंह, कामदेव सिंह, प्रभु नाथ सिंह, सूरज नारायण सिंह, दुनिया लाल सिंह, विश्व सिंह, कन्हाई सिंह आदि थे।
—————————-
सड़क हादसे में मृत मंटू का शव पहुंचा दुधिया, माहौल गमगीन
बलियापुर: दूधिया स्थित पेट्रोल पंप के पास बलियापुर पतलाबाड़ी रोड पर शनिवार की देर शाम सड़क दुर्घटना में दूधिया निवासी मंटू सहीस की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने घटनास्थल पर घंटों सड़क जाम कर दिया था। बलियापुर के थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार के प्रयास से सड़क जाम हटाया गया था। रविवार को मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचने पर माहौल गमगीन हो गया। परिजन दहाड़ मार मार कर रो रहे थे। मौके पर पहुंचे बलियापुर पूर्वी के मुखिया गणेश महतो, दूधिया के मुखिया उत्तम चौबे, उप मुखिया पति अख्तर अंसारी, आधार सहीस आदि ने परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया।
