



बलियापुर की खबरें:-
बुनियादी साक्षरता व संख्यात्मक मूल्यांकन परीक्षा आयोजित
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत रविवार को विभिन्न सरकारी विद्यालयों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक मूल्यांकन परीक्षा का आयोजन किया गया। 15 वर्ष आयु वर्ग से ऊपर के वैसे साक्षर व्यक्ति जिनके पास कोई शैक्षणिक प्रमाण नहीं हो, परीक्षा में शामिल हुए। इस संबंध में बलियापुर की प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी रीना कुमारी ने बताया कि परीक्षा में डेढ़ हजार लोगों को शामिल होना था, लेकिन इससे भी अधिक संख्या में लोग शामिल हुए। यह परीक्षा पूर्वाहन 10:00 से शाम 5:00 तक आयोजित की गई ।
वहीं दूसरी ओर झारखंड साक्षरता प्रेरक संघ के अध्यक्ष हकीमुद्दीन अंसारी ने दावा किया है कि नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत आयोजित बुनियादी साक्षरता परीक्षा में उन लोगों को शामिल किया गया जो पूर्व में साक्षर भारत कार्यक्रम के दौरान पढ़ाई कर चुके हैं। उन्होंने साक्षर भारत कार्यक्रम के तहत पूर्व में कार्य करने वाले प्रेरकों के बकाया मानदेय का भुगतान जल्द करने की मांग सरकार से की है। ऎसा नहीं होने पर आंदोलन पर उतरने की चेतावनी दी है।
——————————————
रांची रैली की तैयारियों में जुटे कार्यकर्ता
बलियापुर: केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियों के विरुद्ध भाकपा माले द्वारा 18 मार्च को रांची में प्रस्तावित सभा एवं रैली को सफल बनाने के लिए बलियापुर में तैयारी जोरों पर की जा रही है। भाकपा माले से जुड़े अखिल भारतीय किसान महासभा के जिला सचिव काशीनाथ मंडल ने बताया कि बलियापुर से सैकड़ों माले कार्यकर्ता रांची रवाना होंगे।



