



बलियापुर की खबरें:-

छेडंखानी को लेकर शहरपुरा में दो पक्षों में मारपीट
दर्जनों जख्मी, बलियापुर थाना क्षेत्र का मामला
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद):बलियापुर थाना क्षेत्र के शहरपुरा हटिया के पास बुधवार की शाम छेड़खानी को लेकर दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। इस घटना में करीब एक दर्जन लोग जख्मी हो गए हैं। इस संबंध में दोनों पक्षों ने पुलिस को अलग-अलग शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। 16 वर्षीय नाबालिग ने शिकायत में कहा है कि शहरपुरा निवासी विशाल बाउरी, विजय बाउरी, सोनू बाउरी, अर्जुन बाउरी, कालीचरण बाउरी आदि लाठी डंडा के साथ उसके घर पर पहुंचे और भद्दी भद्दी गाली गलौज करते हुए महिला सदस्यों के साथ बदतमीजी की। इसका विरोध करने पर लाठी डंडे से प्रहार कर भवानी बाद्दकर, संजय कालिंदी, सोनाली कालिंदी, राम प्रसाद कालिंदी, मूसरी कालिंदी, राकेश कालिंदी एवं किशन बाउरी को जख्मी कर दिया। सभी घायलों का इलाज शहीद निर्मल महतो मेमोरियल हॉस्पिटल धनबाद में करवाया गया। मारपीट की इस घटना में दूसरे गुट के कई लोगों के भी जख्मी होने की सूचना है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
————————————-
महिला के साथ दुष्कर्म, प्राथमिकी दर्ज
बलियापुर: दोलाबड़ पंचायत में एक महिला के साथ दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता ने बलियापुर पुलिस को भागीरथ गोप के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना 2 दिन पूर्व की बताई जाती है। पीड़िता का आरोप है कि वह गांव के तालाब में स्नान करने गई थी। उन्हें अकेली देख आरोपित ने उनके साथ जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पीड़िता एवं आरोपित दोनों के बड़े-बड़े बच्चे हैंं। पुलिस इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




