



बलियापुर की घटना को लेकर एसएसपी से मिला झामुमो प्रतिनिधिमंडल
दोषियों पर हो कानूनी कार्रवाई: लक्खी सोरेन
डीजे न्यूज, धनबाद: बलियापुर के भिखराजपुर में हुई उपद्रव से जुड़े मामले को लेकर शनिवार को झामुमो का प्रतिनिधिमंडल एसएसपी प्रभात कुमार से मिला। पार्टी के जिलाध्यक्ष लक्खी सोरेन एवं जिला सचिव मन्नू आलम ने घटना की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि दोषियों की पहचान कर उन पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, वहीं किसी भी निर्दोष व्यक्ति को अनावश्यक रूप से प्रताड़ित या फंसाया न जाए।
जिला अध्यक्ष लक्खी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि झारखंड की पहचान आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और एकता से रही है, जहां सभी धर्म और समुदाय के लोग सदियों से मिल-जुलकर रहते आए हैं। लेकिन कुछ स्वार्थी एवं गैर-जिम्मेदार राजनीतिक तत्व लगातार समाज में नफरत फैलाने और माहौल को बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। बलियापुर की हालिया घटना इसी साजिश का परिणाम प्रतीत होती है, जहां भड़काऊ बयानों के माध्यम से जानबूझकर शांति व्यवस्था को बाधित करने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति करते हैं, जो झारखंड की मूल भावना के खिलाफ है। जिला प्रशासन द्वारा समय रहते की गई त्वरित कार्रवाई सराहनीय है, जिससे स्थिति को बिगड़ने से रोका जा सका। उन्होंने सख्त शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार पूरी तरह सतर्क है और किसी भी कीमत पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
जिला सचिव मन्नू आलम ने कहा कि कुछ विशेष दल के लोग हमेशा से समाज में वैमनस्य फैलाने की साजिश करते रहे हैं और उनकी मंशा बलियापुर एवं धनबाद जैसे क्षेत्रों में दंगा भड़काने की रही है। उन्होंने कहा कि जब भी दो समुदायों के बीच किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न होता है, तब जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कर्तव्य होता है कि वे आगे आकर संवाद और आपसी समझ के माध्यम से समाधान निकालें तथा शांति और भाईचारा कायम रखें।
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि वास्तविक दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, साथ ही निर्दोष लोगों को किसी भी प्रकार की कार्रवाई से सुरक्षित रखा जाए।



