



बलियापुर के घड़बड़ गांव में पेड़ से लटकता मिला शव

चंदनकियारी का रहने वाला था मृतक, घड़बड़ में है ससुराल
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): बलियापुर थाना क्षेत्र के घड़बड़ गांव में एक पेड़ की टहनी से रविवार को शव लटकता देख सनसनी फैल गई। सूचना पाकर ग्रामीणों के अलावा पूर्व मुखिया दिनेश सरखेल घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक की पहचान घड़बड़ निवासी विनोद बाउरी के दामाद 42 वर्षीय राजू बाउरी के रूप में हुई। मृतक चंदनकियारी के मोहाल गांव का रहने वाला था।
सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और तहकीकात की। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को कब्जे में लेकर थाना ले आई। पुलिस का कहना है कि इस संबंध में यूडी केस दर्ज किया जाएगा।
बताया जाता है कि मृत राजू 15 जनवरी को अपने घर से ससुराल जाने की बात कहकर निकला था। लेकिन वह ससुराल नहीं पहुंचा और उसका शव पेड़ में लटकता मिला। सूचना पाकर मृतक के भाई संजय बाउरी घड़बड़ गांव पहुंचे। उन्होंने बलियापुर पुलिस के समक्ष घटना के संबंध में किसी तरह का संदेह व्यक्त नहीं किया है। उन्होंने कहा कि मृतक राजू हमेशा आर्थिक तंगी के कारण परेशान रहा करता था। मृतक के परिवार में उनकी पत्नी सावित्री देवी एवं तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं।




