
बलियापुर का एक परिवार बना ईसाई, धर्मांतरण से संथालों में आक्रोश
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद) : कुसबेरिया गांव में एक संथाल आदिवासी परिवार द्वारा ईसाई धर्म अपनाने के बाद गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। परिवार के सदस्यों ने एक साल पूर्व ईसाई धर्म अपना लिया था, जिसकी जानकारी उनके परिवार एवं अन्य लोगों को होने पर गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार, सुखलाल हांसदा अपने परिवार के साथ सिंदरी के नीमटाड स्थित अपने ससुराल में 10-15 साल से रहा करता था, जहां उसने ईसाई धर्म अपना लिया। इसकी जानकारी उनके बुजुर्ग पिता विजय हांसदा एवं अन्य परिजनों को होने पर इसकी जानकारी गांव वालों को दी गई। गांव में कई दौर बैठकें हुईं, जिसमें संथाल समाज के लोगों ने सुखलाल हांसदा को फिर से संथाल समाज में जुड़ने की बातें कहीं। लेकिन सुखलाल हांसदा ने संथाल समाज में ना जाकर ईसाई धर्म में ही जीवन व्यतीत करने की बातें पंचों के समक्ष कहीं। इसके बाद उनके पिता विजय हांसदा एवं उनके सगे संबंधियों के साथ-साथ गांव वालों ने उसे गांव से बहिष्कृत करने की घोषणा कर दी। सुखलाल हांसदा के पिता विजय हांसदा ने ईसाई धर्म कबूल करने वाले अपने पुत्र सुखलाल हांसदा को अपनी चल अचल संपत्ति से पूरी तरह बेदखल करने की घोषणा भी कर दी। समाज द्वारा बहिष्कृत करने की घोषणा के बाद सुखलाल हंसदा अपनी पत्नी एवं पुत्र के साथ नीमटाड अपना ससुराल चला गया।