



बिरसा मुंडा स्वाभिमान, साहस, समर्पण और आदिवासी समाज की आत्मा के प्रतीक : अन्नपूर्णा देवी
डीजे न्यूज, गिरिडीह : भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन शनिवार को श्याम मंदिर गिरिडीह में किया गया। अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष महादेव दुब व संचालन जिला महामंत्री संदीप डंगायच ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रुप से कोडरमा सांसद एवं केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, जमुआ विधायक मंजू कुमारी उपस्थित थीं।
मौके पर मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि बिरसा मुंडा सिर्फ नाम नहीं हैं, बल्कि स्वाभिमान, साहस, समर्पण और आदिवासी समाज की आत्मा के प्रतीक हैं। उनका जन्म 15 नवंबर 1875 को उलीहातु में हुआ, लेकिन उनके द्वारा किए गए कार्य ने उन्हें पूरे भारत का प्रेरणास्रोत बना दिया। अंग्रेजों की दमनकारी नीतियों के खिलाफ उन्होंने उलगुलान जैसा ऐतिहासिक आंदोलन खड़ा किया। यह सिर्फ विद्रोह नहीं, बल्कि गरीब, वंचित और शोषित समाज के अधिकारों की लड़ाई थी। विधायक मंजू कुमारी ने कहा कि बिरसा मुंडा ने हमें सिखाया कि जमीन और जंगल केवल संसाधन नहीं, बल्कि हमारी पहचान, हमारी संस्कृति और हमारी विरासत हैं। उन्होंने समाज में शिक्षा, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और एकजुटता का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं को जागृत किया, महिलाओं को सम्मान दिया और पूरे आदिवासी समाज को संगठन और संघर्ष की नई दिशा दी। जिलाध्यक्ष महादेव दुबे ने कहा कि बिरसा मुंडा ने सभी आदिवासी समुदायों को संगठित कर अंग्रेजों के खिलाफ उलगुलान अर्थात् महान विद्रोह की शुरुआत की। कार्यक्रम में जिप अध्यक्ष मुनिया देवी, यदुनंदन पाठक, दिनेश यादव, नुनूलाल मरांडी, जिला महामंत्री संदीप डंगाइच भाजपा नेता विनय कुमार सिंह, सिकंदर हेम्ब्रम, दिनेश मुर्मू, मुकेश जालान, रीता प्रसाद, कामेश्वर पासवान समेत भाजपा के कई पदाधिकारी, नेतागण व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

