



बिरनी सीएचसी में लगा स्वास्थ्य मेला, हजार से अधिक लोगों ने कराया इलाज

आउटसोर्सिंग कर्मियों ने काला बिल्ला लगाकर किया कार्य
डीजे न्यूज, बिरनी(गिरिडीह) : बिरनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक दिवसीय स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन प्रमुख रामू बैठा, सांसद प्रतिनिधि देवनाथ राणा, विधायक प्रतिनिधि टुपलाल वर्मा, मुखिया दिलीप दास तथा सिविल सर्जन शेख मोहम्मद जफरुल्ला, डीआरसीएचओ पदाधिकारी डॉ. आरपी दास, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. साकिब जमाल एवं डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने विधिवत दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुके देकर सम्मानित किया गया।
स्वास्थ्य मेला में प्रखंड की 28 पंचायतों के 181 गांवों से बड़ी संख्या में लोग इलाज कराने पहुंचे। मेले में इलाज के लिए सभी प्रकार के स्टॉल लगाए गए थे, जहां विभिन्न रोगों का उपचार एवं जांच की व्यवस्था की गई थी। कुल 1000 लोगों का निःशुल्क इलाज एवं जांच की गई। अतिथियों ने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।
प्रमुख रामू बैठा ने कहा कि बिरनी की आबादी करीब दो लाख है और यहां केवल एक ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र है, जिसमें मात्र तीन चिकित्सक पदस्थापित हैं। संसाधनों और व्यवस्था की घोर कमी के बावजूद तीनों चिकित्सा पदाधिकारी दिन-रात लोगों की सेवा कर रहे हैं। सरकार द्वारा चलाए जा रहे सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है।
सांसद प्रतिनिधि देवनाथ राणा ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अलावा दो अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र एवं दास उपस्वास्थ्य केंद्र भी हैं। इन केंद्रों पर सीएचओ तो बैठते हैं, लेकिन सप्ताह में कम से कम एक दिन चिकित्सा पदाधिकारी को बैठाकर वहां के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रांची–देवघर–दुमका एवं कोडरमा–गिरिडीह–भरकट्टा मुख्य मार्ग पर स्थित है, जहां आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। दुर्घटनाग्रस्त लोगों का यथासंभव इलाज किया जाता है। संसाधनों की कमी के बावजूद चिकित्सा पदाधिकारी पूरी निष्ठा से सेवा दे रहे हैं। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में और बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की।
सिविल सर्जन शेख मोहम्मद जफरुल्ला एवं डीआरसीएचओ डॉ. आरपी दास ने कहा कि टीबी, कुष्ठ एवं फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारियों से ग्रसित लोगों के लिए बिरनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जांच एवं निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध हैं। नियमित रूप से दवा सेवन करने से मरीज निश्चित रूप से स्वस्थ होंगे।
कार्यक्रम का संचालन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. साकिब जमाल के नेतृत्व में किया गया। इस मौके पर बीस सूत्री अध्यक्ष एतवारी वर्मा, बीस सूत्री उपाध्यक्ष प्रमोद राय, डॉ. प्रभु कुमार पांडेय, डॉ. केसर अंसारी, मजहविन फरहीन, बीपीएम जय शंकर प्रसाद, जेएसएलपीएस बीपीएम विजय कुमार, पंकज सिंह, बीईईओ अशोक कुमार, कांग्रेसी नेता बासुदेव प्रसाद वर्मा, निरंजन राय, बीपीआरओ सुरेन्द्र कुमार यादव, दामोदर वर्मा, सागर कुमार, राजेंद्र पासवान, डॉ. मजहविन फरहीन, बीपीएम जयशंकर प्रसाद, बीडीएम दामोदर वर्मा सहित अन्य मौजूद थे।
वहीं दूसरी ओर आउटसोर्सिंग कंपनी के स्वास्थ्य कर्मियों को अब तक मानदेय नहीं मिलने का मामला भी सामने आया। बीते तीन दिनों से ये कर्मी काला बिल्ला लगाकर कार्य कर रहे हैं। स्वास्थ्य मेला को सफल बनाने में आउटसोर्सिंग कंपनियां बालाजी डिटेक्टिव फोर्स एवं शिवजी डिटेक्टिव फोर्स में कार्यरत कर्मियों की अहम भूमिका रही। कार्यरत कर्मी प्रतिमा कुमारी, रुब्बी कुमारी, नैना काजल, तारा कुमारी, अनिल कुमार, नवीन शर्मा, फुलमनी कुमारी, पमपी कुमारी, मनीषा कुमारी सहित कुल 46 कर्मियों ने बताया कि किसी कर्मी को 11 माह, किसी को छह माह तो किसी को तीन माह से मानदेय नहीं मिला है। इसके बावजूद सभी कर्मी काला बिल्ला लगाकर कार्य कर रहे हैं। कर्मियों ने चेतावनी दी कि जब तक मानदेय का भुगतान नहीं किया जाएगा, तब तक काला बिल्ला लगाकर काम जारी रहेगा, और यदि इसके बाद भी मानदेय नहीं मिला तो कार्य बहिष्कार किया जाएगा।




