
बिरनी में व्यवसायी सुरेश मोदी के आवास पर अंतरप्रांतीय डकैतों ने की थी डकैती
पांचवें आरोपी की गिरफ्तारी, पुलिस को बड़ी सफलता
डीजे न्यूज, बिरनी, गिरिडीह : बिरनी थाना क्षेत्र में 2 जनवरी की रात हुई भीषण डकैती कांड में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। गिरफ्तार डकैत की पहचान सोबराती अंसारी (पिता स्वर्गीय खातिर अंसारी, निवासी लाहरगोड्डा, थाना चंदनकियारी, जिला बोकारो) के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर सोमवार को उसे गिरिडीह जेल भेज दिया गया। इस मामले में अब तक पांच डकैतों को जेल भेजा जा चुका है।
गुप्त सूचना पर अपराधी गिरफ्तार
एसडीपीओ धनंजय राम ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने माखमरगो चौक से सोबराती अंसारी को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि वह व्यवसायी सुरेश मोदी के घर में डकैती करने वाली गैंग का सदस्य था। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन जब्त किया है।
डकैत का लंबा आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विभिन्न जिलों में नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम बंगाल और कोडरमा के थानों में डकैती, लूट और आर्म्स एक्ट से जुड़े गंभीर केस शामिल हैं।
व्यवसायी के घर से लूटा गया 10 लाख का सामान
गौरतलब है कि 2 जनवरी की रात बिराजपुर गांव में व्यवसायी सुरेश मोदी के घर और दुकान में डकैतों ने हमला किया था। घरवालों को रिवॉल्वर और चाकू की नोक पर बंधक बनाकर 10 लाख रुपये की नकदी और आभूषण लूट लिए गए थे। घटना के बाद पुलिस लगातार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चला रही थी।
अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार
इस कांड में अब तक पांच डकैतों को जेल भेजा जा चुका है। पुलिस अन्य फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम
एसडीपीओ धनंजय राम
इंस्पेक्टर ज्ञान रंजन
थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज
अवर निरीक्षक लालचंद महतो, देवानंद कुमार
बिरनी थाना के रिजर्व गार्ड