



बिरनी में किसानों को दी गई तकनीकी व प्राकृतिक खेती की जानकारी

डीजे न्यूज, बिरनी(गिरिडीह) : कृषि में नई तकनीक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा अच्छी फसल उपज के लिए किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से राज्य सरकार एवं कृषि विभाग द्वारा चलंत कृषि विद्यालय सह सेवा का संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को बिरनी प्रखंड के केंदुवा गांव में चलंत कृषि विद्यालय सह सेवा पहुंची।
चलंत कृषि विद्यालय सह सेवा में लगे टीवी के माध्यम से किसानों को दलहन, तेलहन तथा गेहूं की खेती से संबंधित तकनीकी एवं प्राकृतिक विधि द्वारा अच्छी फसल उपज के तरीकों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान सेवा निवृत्त कृषि पदाधिकारी रामचन्द्र यादव ने किसानों को दलहन, तेलहन एवं मोटे अनाज की खेती तकनीकी व प्राकृतिक विधि से करने के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चलंत कृषि विद्यालय सह सेवा गांव-गांव जाकर किसानों को आधुनिक एवं प्राकृतिक खेती के तरीकों से अवगत करा रही है। तकनीकी और प्राकृतिक विधि से खेती करने पर किसानों को बेहतर उत्पादन प्राप्त होता है।
केंदुवा गांव में आयोजित इस कार्यक्रम से करीब दो सौ किसानों ने लाभ उठाया। मौके पर एटीएम सुभाष पासवान, दिनेश कुमार, सिन्हा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण कृषक महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित थे।



