


















































बिरनी में कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष ने किया कंबल वितरण

डीजे न्यूज, बिरनी, गिरिडीह :
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश द्वारा एतवारी वर्मा को दूसरी बार बिरनी प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष मनोनीत किए जाने पर प्रखंड के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है। कांग्रेसियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष एवं पार्टी नेतृत्व को बधाई दी है और उम्मीद जताई है कि एतवारी वर्मा के नेतृत्व में प्रखंड में संगठन और मजबूत होगा।
दूसरी बार प्रखंड अध्यक्ष बनने के बाद एतवारी वर्मा ने सेवा कार्य से अपने कार्यकाल की शुरुआत की। मकर संक्रांति के अवसर पर कड़ाके की ठंड को देखते हुए उन्होंने अपने निजी खर्च से चिताखारो गांव में गरीब और असहाय लोगों के बीच 100 कंबलों का वितरण किया। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी और उन्होंने नवचयनित अध्यक्ष को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर एतवारी वर्मा ने कहा कि उन्हें पार्टी ने वर्ष 2017 में पहली बार प्रखंड अध्यक्ष बनाया था। वर्ष 2020 में बीस सूत्री अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी मिली। अब वर्ष 2026 में एक बार फिर पार्टी ने उनकी क्षमता पर भरोसा जताते हुए प्रखंड अध्यक्ष बनाया है। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारी को वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे तथा प्रखंड में संगठन का विस्तार कर कांग्रेस को और मजबूत करेंगे।
उन्होंने कहा कि जनता विपक्ष को मुंहतोड़ जवाब देगी और कांग्रेस को और अधिक मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में शांति बेसरा, राजो मुनि, सुभद्रा शर्मा, सुनीता बेसरा, विनोद टुडू, सूरज मुनि देवी, रुक्मणि देवी समेत कई ग्रामीण और कांग्रेस समर्थक उपस्थित थे।



