
बिरनी में जमीन विवाद में चाचा-भतीजा के बीच मारपीट, महिला और बेटी गंभीर रूप से घायल
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र अंतर्गत कपिलो गांव में सोमवार रात जमीन विवाद को लेकर चाचा-भतीजा के बीच हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान भतीजों ने घर में घुसकर मारपीट की, जिससे एक महिला और उसकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के संबंध में पीड़ित अरविन राम ने बताया कि उनके भतीजे रिंकू कुमार और अमित कुमार नशे की हालत में घर में घुस आए और जमीन-जायदाद को लेकर गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि उन्होंने घर खाली करने की धमकी दी और विरोध करने पर रिंकू की पत्नी सरोज कुमारी भी मारपीट में शामिल हो गई। तीनों ने मिलकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में अरविन राम की पत्नी पिंकी देवी के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि हाथ में भी गहरी चोटें पहुंचीं। बीच-बचाव करने आई उनकी बड़ी बेटी रिया कुमारी और बेटा अभिषेक कुमार को भी पीटा गया।
सभी घायलों को इलाज के लिए बिरनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पिंकी देवी और रिया कुमारी की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पीड़ित अरविन राम ने इस संबंध में बिरनी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।