





बिरनी में धूमधाम से मनाई गई विश्वकर्मा जयंती

डीजे न्यूज, बिरनी(गिरिडीह) : प्रखंड मुख्यालय स्थित सिमराढाब विश्वकर्मा मंदिर में शनिवार को विश्वकर्मा जयंती हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई, जिसके बाद श्रद्धालुओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान भगवान विश्वकर्मा की जीवनी पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया गया। सांसद प्रतिनिधि सह विश्वकर्मा समाज के प्रदेश महासचिव देवनाथ राणा ने समाज के लोगों से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि संगठन के माध्यम से समाज के गरीब और जरूरतमंद वर्ग के लोगों को सहायता कर उन्हें आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया है।
इस अवसर पर विश्वकर्मा मंदिर के संस्थापक जगदीश प्रसाद शर्मा की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में मुखिया दिलीप दास, आजसू नेता नागेश्वर विश्वकर्मा, राजू विश्वकर्मा, उमाचरण शर्मा, किसुन राणा, अनिल विश्वकर्मा, शक्ति विश्वकर्मा, पिंटू विश्वकर्मा, श्यामसुंदर राणा, सहदेव राणा, अजय राणा सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।




