बिरनी अंचल कार्यालय में मारपीट मामले की जांच तेज, इंस्पेक्टर ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

Advertisements

बिरनी अंचल कार्यालय में मारपीट मामले की जांच तेज, इंस्पेक्टर ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

डीजे न्यूज,बिरनी, गिरिडीह : बिरनी अंचल कार्यालय में 24 फरवरी को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस जांच तेज हो गई है। शनिवार दोपहर पुलिस इंस्पेक्टर अजय कुमार सिन्हा तथा केस के अनुसंधानकर्ता चेरवा मिंज अंचल कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की।

इस दौरान पुलिस इंस्पेक्टर ने अंचल कार्यालय में मौजूद सीआई दीनदयाल रविदास समेत कई कर्मियों और अन्य लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली।

पुलिस इंस्पेक्टर अजय कुमार सिन्हा ने बताया कि इस मामले में कुल तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। एक प्राथमिकी सीआई द्वारा दोनों पक्षों के खिलाफ दर्ज कराई गई है, जबकि दोनों पक्षों ने भी एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। उन्होंने कहा कि तीनों मामलों की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही आगे कुछ कहा जा सकेगा।

जमीन विवाद को लेकर हुआ था संघर्ष

बताया जाता है कि बिरनी थाना क्षेत्र के पुरना नगर में भाकपा माले कार्यकर्ता रामदेव यादव और गांव के ही बालेश्वर यादव के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। दोनों पक्ष उक्त जमीन पर अपना दावा कर रहे हैं और मामला न्यायालय में लंबित है।

इसी बीच एक पक्ष द्वारा विवादित जमीन पर घर बनाने के लिए बुनियाद की खुदाई शुरू कर दी गई, जिस पर दूसरे पक्ष ने अंचलाधिकारी और थाना में आवेदन देकर शिकायत की। अंचलाधिकारी के निर्देश पर सीआई दीनदयाल रविदास मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य को बंद करा दिया।

इसके बाद अंचलाधिकारी ने दोनों पक्षों को 24 फरवरी को अंचल कार्यालय में कागजात दिखाने के लिए बुलाया था। निर्धारित तिथि को जब दोनों पक्ष अंचल कार्यालय पहुंचे और सीआई को दस्तावेज दिखाने लगे, तभी दोनों के बीच कहासुनी हो गई और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया।

इस घटना में दोनों पक्षों के कुल 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top