


बिहार की सीमा से सटे तिसरी के नारोटांड़ जंगल में मिला महिला का अधजला शव 
मृतक की नहीं हो सकी पहचान, जांच में जुटी पुलिस
डीजे न्यूज, तिसरी(गिरिडीह) : तिसरी प्रखंड अन्तर्गत लोकाय नयनपुर थाना क्षेत्र के नारोटांड़ जंगल में बुधवार को अज्ञात महिला का अधजला हुआ शव बरामद हुआ है। महिला का अधजला शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। अभी तक उक्त महिला की पहचान नहीं हो पाई है। अनुमान लगाया जा रहा है कि किसी ने जान मारने की नीयत से महिला को जला दिया। इसके बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को नारोटांड़ गांव के लेढ़वा पहाड़ी जंगल में सड़क के किनारे फेंक दिया है। चूंकि यह इलाका बिहार के जमुई जिला और कौआकोल से सटा हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि कहीं न कहीं बिहार के ही किसी ने महिला को जला कर मार दिया हो और साक्ष्य छिपाने के लिए नारोटांड़ के जंगल में शव को फेंक दिया। इधर सूचना पर लोकाय नयनपुर थाना प्रभारी अमित चौधरी और थानसिंहडीह ओपी प्रभारी नीरज कुमार सदलबल के साथ नारोटांड़ जंगल पहुंचे। पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर महिला के शव की शिनाख्त में जुट गई है। इधर इस घटना की खबर नारोटांड़ सहित सेवाटांड़ और आए-पास के गांवों में आग की तरह फैल गई। जिसके बाद महिला का अधजला शव देखने भारी संख्या में लोग पहुंचे और महिला के शव की पहचान करने की कोशिश। लेकिन उक्त महिला के बारे में कुछ भी पता नहीं चल पाया है।



