
























































भ्रूण हत्या केवल कानून का उल्लंघन नहीं है, बल्कि यह समाज की सोच में गहराई से जमी असमानता का परिणाम

झरिया में कन्या भ्रूण संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम, “बेटी बचाओ–भविष्य बचाओ” का दिया संदेश
डीजे न्यूज तिसरा(धनबाद) : मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के आह्वान पर शुक्रवार को आर.एस.पी. कॉलेज, झरिया परिसर में कन्या भ्रूण संरक्षण अभियान के अंतर्गत महिला जागरूकता एवं सामाजिक चेतना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन बी.एड. विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. उपेन्द्र कुमार ने किया।
मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित प्रो. राजिनी एस. बारा ने अपने व्याख्यान में कहा कि कन्या भ्रूण हत्या केवल कानून का उल्लंघन नहीं है, बल्कि यह समाज की सोच में गहराई से जमी असमानता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बेटियाँ परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति में समान रूप से योगदान देती हैं, इसलिए उनका संरक्षण अनिवार्य है। साथ ही उन्होंने महिला स्वास्थ्य, सुरक्षित गर्भावस्था एवं सामाजिक जागरूकता पर विशेष जोर दिया।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. निलेश कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही सामाजिक बदलाव का सबसे सशक्त माध्यम है। बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित कर ही एक सशक्त, समान और संतुलित समाज का निर्माण किया जा सकता है। असर्फी हॉस्पिटल, धनबाद से आए डॉ. संदीप शर्मा (हेड एंड नेक ऑन्को सर्जन) ने कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम, सुरक्षित गर्भावस्था एवं महिला स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। इस अवसर पर उनके साथ दीपक मंडल, विवेक, जुलिटा, ऋषि एवं महेश भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा के अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, कार्यक्रम संयोजक निखिल खंडेलवाल, कोषाध्यक्ष किरण शर्मा, सह-कोषाध्यक्ष दिनेश शर्मा, आशीष भूसानिया एवं मयंक केजरीवाल की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम का समापन “बेटी बचाओ –भविष्य बचाओ” के संदेश के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने समाज में महिला जागरूकता एवं कन्या संरक्षण को लेकर निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।



