


भरकट्टा के मडरखा तालाब में डूबे दो मासूम भाई, एक की मौत

डीजे न्यूज, बिरनी(गिरिडीह) : भरकट्टा ओपी क्षेत्र के एक गांव में शनिवार दोपहर करीब दो बजे दो पांच वर्षीय बालक तालाब में डूब गए। इनमें से एक बालक को स्थानीय ग्रामीणों ने बचा लिया जबकि दूसरे की मौत हो गई।
ग्रामीणों ने तालाब में एक बालक को डूबते हुए देख हो हल्ला करते दौड़कर तालाब पहुंचे। उसे तालाब से बाहर निकाल इलाज के लिए भरकट्टा अस्पताल ले गए। इलाज के क्रम में ही बालक ने ही बताया कि उसका भाई तालाब में डूबा हुआ है। यह सुनते ही ग्रामीण व स्वजन तालाब में खोज करने लगे। काफी देर के बाद कड़ी मशक्कत के बाद बेहोशी हालत में तालाब गहरे पानी से निकाला गया। स्वजन बालक को इलाज के लिए गिरिडीह निजी अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने जांच करते ही बालक को मृत घोषित कर दिया। स्वजन ने अस्पताल से बालक का शव घर ले गए। स्वजन दहाड़ कर रोने लगे। घटना की सूचना पर ओपी प्रभारी अमन सिंह, मुखिया निरंजन वर्मा आदि मृतक बालक के घर पहुंचे। मृतक बालक के माता-पिता व स्वजन से ओपी प्रभारी व मुखिया ने पोस्टमार्टम कराने के लिए काफी समझाया लेकिन स्वजनों ने बालक के शव का पोस्टर्माटम कराने से साफ इंकार कर दिया। स्वजन ने साफ कहा कि आरोप किसी पर नही है। किस्मत खराब है। स्वजन ने पंचनामा बनाकर ओपी प्रभारी को सुपुर्द कर दिया। ओपी प्रभारी प्रभारी अमन सिंह ने कहा कि दोनों बालकों की उम्र करीब साढ़े चार और साढ़े पांच वर्ष की होगी। मृतक के स्वजन को पोस्टर्माटम के लिए काफी समझाया गया लेकिन पोस्टमार्टम कराने से साफ इंकार कर दिया। बताया जाता है कि घर के बगल में तालाब है। दोनों बालक शनिवार दोपहर को तालाब के तरफ गए थे। दोनों बालक शौच के बाद पानी के लिए तालाब के पास गए। एक बालक को अचानक पैर फिसल गया। इसके कारण एक बालक पहले गहरे पानी मे डूब गया। उसे बचाने के लिए दूसरा बालक अपना हाथ बढ़ाया। इससे दूसरा बालक भी पानी मे डूब गया।




