भूमि माफिया की नजर निलांजना चक्रवर्ती की पुश्तैनी जमीन पर 

Advertisements

भूमि माफिया की नजर निलांजना चक्रवर्ती की पुश्तैनी जमीन पर 

अंचल अधिकारी को आवेदन देकर निबंधन और दाखिल-खारिज रद्द करने की गुहार

डीजे न्यूज, गिरिडीह : बीबीसी रोड, बरमसिया, गिरिडीह निवासी निलांजना चक्रवर्ती इन दिनों अपनी पुश्तैनी भूमि को लेकर गंभीर संकट से गुजर रही हैं। उनका आरोप है कि कुछ भूमि माफिया तत्व उनकी पुश्तैनी जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश कर रहे हैं और घूसखोरी व जालसाजी के बल पर दाखिल-खारिज एवं निबंधन अपने नाम कराने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने गिरिडीह के अंचल अधिकारी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई हैं।

निलांजना चक्रवर्ती ने बताया कि उनकी जमीन को उनके दादाजी स्वर्गीय चंद्रकांत चक्रवर्ती ने वर्ष 1939 में नीलामी के माध्यम से विधिवत् रजिस्ट्री (केवाला) द्वारा खरीदा था। तब से लेकर आज तक उनका परिवार इस भूमि पर लगातार कब्जा और दखल बनाए हुए है। वर्तमान में निलांजना चक्रवर्ती इसी भूमि के एक हिस्से पर नया मकान बनाकर निवास कर रही हैं, जबकि शेष हिस्सा भी उनके कब्जे में है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में कुछ असामाजिक तत्व पैसे और प्रभाव के दम पर भूमि का अवैध दाखिल-खारिज और निबंधन अपने नाम कराने की कोशिश कर रहे हैं।

निलांजना चक्रवर्ती का कहना है कि जिला न्यायालय तथा उच्च न्यायालय द्वारा इस भूमि के संबंध में उनके पक्ष में आदेश पारित किया जा चुका है। इसके बावजूद संबंधित पक्षों द्वारा गैरकानूनी तरीके से दाखिल-खारिज की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने इस संबंध में भूमि सुधार समाहर्ता, अंचल अधिकारी, निबंधक अधिकारी एवं उपायुक्त गिरिडीह को आवेदन देकर निबंधन रोकने और दाखिल-खारिज रद्द करने की मांग की है।

निलांजना चक्रवर्ती ने आरोप लगाया है कि इसके बावजूद भूमिगत तत्व लगातार उन्हें और उनके परिवार को धमका रहे हैं तथा झूठे मुकदमों में फँसाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से अपने जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top