भूमाफिया और भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन करेगी माले

भूमाफिया और भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन करेगी माले

डीजे न्यूज, बिरनी(गिरिडीह) : कुसमय में भाकपा माले की प्रखंड स्टैंडिंग कमिटी की बैठक शुक्रवार को सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह और जिला सचिव अशोक पासवान उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड सचिव सह उपप्रमुख शेखर शरण दास ने की।
बैठक में पार्टी द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा की गई और निर्णय लिया गया कि 23 सितम्बर को गिरिडीह में होने वाले राष्ट्रव्यापी धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए बिरनी प्रखंड के सभी पंचायतों से लगभग दो हजार की संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। साथ ही, पार्टी ने यह भी तय किया कि 8 अक्टूबर को राजधनवार में आयोजित क्लास में सभी प्रखंड कमिटी सदस्य, लोकल सचिव और ब्रांच सचिवों की भागीदारी अनिवार्य होगी।
भूमाफिया और भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ा आंदोलन की तैयारी
बैठक में कहा गया कि बिरनी प्रखंड में सरकारी खास और गैर-मजरुआ जमीनों पर भूमाफियाओं का आतंक लगातार बढ़ रहा है। गरीब मजदूरों को जमीन से बेदखल किया जा रहा है और इस पूरे मामले में अंचल कार्यालय की भूमिका संदिग्ध प्रतीत हो रही है। पार्टी ने तय किया कि बहुत जल्द भूमाफियाओं और अंचल कार्यालय के नकारात्मक रवैये के खिलाफ भाकपा माले बड़ा आंदोलन करेगी।
इस मौके पर पूर्व विधायक बिनोद कुमार सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा किभ्रष्टाचार, लूट-खसोट और हत्याएं चरम पर हैं। केंद्र की मोदी सरकार ने युवाओं से जो वादे किए थे, 13 वर्षों में भी उन्हें पूरा नहीं किया गया है। शिक्षित बेरोजगार नौजवान आज सड़कों पर भटक रहे हैं और सरकार को उनकी कोई चिंता नहीं है। उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा किअब भाजपा वहां भी युवाओं को झूठे वादे देने की तैयारी में है।
बैठक में माले नेता सीताराम सिंह, प्रमुख रामु बैठा, अश्रेष तुरी, राम विलास पासवान, विष्णुदेव वर्मा, पिंटू यादव, सहदेव यादव, अली असगर समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top