



भू धंसान व अग्नि प्रभावितों को बेलगड़िया में पुनर्वासित करने का निर्देश
डीजे न्यूज, धनबाद: समाहरणालय के सभागार में सोमवार देर शाम हुई बैठक के दौरान डीसी आदित्य रंजन ने संशोधित झरिया मास्टर प्लान की समीक्षा की।
उन्होंने भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) एवं झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकार (जेआरडीए) की संशोधित प्लान के अनुसार भू-धंसान एवं अग्नि प्रभावित क्षेत्र के लोगों को बेलगड़िया में पुनर्वासित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि पुनर्वास होने वाले प्रभावितों को समय पर मुआवजा का भुगतान करें। लिगल टाइटल होल्डर (एलटीएच) व नन लिगल टाइटल होल्डर (नन एलटीएच) को मास्टर प्लान के नियमों का पालन करते हुए पुनर्वासित करें। साथ में संशोधित मास्टर प्लान के अनुसार प्रभावितों के पुनर्वास में जेआरडीए, बीसीसीएल एवं जिला प्रशासन के दायित्वों की विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा आवास का आवंटन, वित्तीय सहायता, परिवहन व लॉजिस्टिक्स सहायता, विस्थापन के दौरान हर कदम पर सहायता प्रदान करने सहित अन्य विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि कई बस्तियाँ जमीन के नीचे की आग, जमीन धंसने और इनसे जुड़े खतरों से प्रभावित हैं, इसलिए प्रभावितों का पुनर्वास उनके जीवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।

बैठक में जेआरडीए ने बताया कि बेलगड़िया में 3737 आवासों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत जारी है। जिसमें रूफ ट्रीटमेंट की 10 साल की वारंटी, बाथरूम एवं जमीन में नई टाइल्स, डिस्टेंपर से पेंट, कंसील्ड वायरिंग एवं पीवीसी वॉटर टैंक लगाना शामिल है। कार्य की गुणवत्ता के लिए आईआईटी आईएसएम द्वारा सतत निगरानी हो रही है।

साथ में बेलगड़िया के लोगों की सुरक्षा के लिए टीओपी, फेज एक एवं दो में रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी का गठन, फेज 1 व 3 में 60 हैंडपंप की मरम्मत, बीसीसीएल द्वारा पांच नए पंप सेट की स्थापना, आठ नए बोरवेल का प्रस्ताव, बरमसिया कुसमाटांड़ तक 7.6 किलोमीटर टू लेन सड़क का निर्माण, पलानी मोड़ से बेलगड़िया की 2.83 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण, टाउनशिप के अंदरूनी सड़क की पूरी मरम्मत, टाउनशिप में तीन आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन व 32 नए का प्रस्ताव के साथ हेल्थ सब सेंटर, शिकायत निवारण केंद्र, फेज 5 में जेआरडीए का एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक, लोगों के रोजगार के लिए विभिन्न गतिविधियां, स्कील सेंटर, शोपिंग कॉम्लेक्स, पेयजल एवं स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, विद्यालय, लोगों के सुचारू आवागमन के लिए इलेक्ट्रिक बस तथा ई रिक्शा का नियमित संचालन, जन वितरण प्रणाली की दुकान सहित अन्य सुविधाएं प्रदान की गई है।
बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन, बीसीसीएल के निदेशक तकनीकी संजय कुमार सिंह, महाप्रबंधक (जेएमपी), महाप्रबंधक (सेफ्टी), भूसंपदा पदाधिकारी, पूर्वी झरिया (ईजे), बस्ताकोला, लोदना, पुटकी बलिहारी, कुस्तौर, सिजुआ, कतरास, बरोरा, गोविंदपुर, ब्लॉक टू एरिया के महाप्रबंधक तथा जेआरडीए के पदाधिकारी मौजूद थे।
–


