भू-धंसान, गोफ और गैस रिसाव से आक्रोशित लोगों का जीएम कार्यालय पर हंगामा

Advertisements

भू-धंसान, गोफ और गैस रिसाव से आक्रोशित लोगों का जीएम कार्यालय पर हंगामा

डीजे न्यूज़ तिसरा,धनबाद :

भौंरा छह नंबर क्षेत्र में सोमवार को हुए गोफ, भू-धंसान और गैस रिसाव की घटनाओं के विरोध में स्थानीय लोगों ने झरिया कोल्ड फील्ड बचाओ समिति के बैनर तले ईजे एरिया महाप्रबंधक कार्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा किया और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।

लोगों का कहना था कि क्षेत्र में लगातार भू-धंसान, गोफ और गैस रिसाव की घटनाएं हो रही हैं। इसके साथ ही इलाके में प्रदूषण और जलसंकट की समस्या भी गंभीर रूप ले चुकी है, जिससे स्थानीय लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बावजूद इसके प्रबंधन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।

समस्याओं के समाधान नहीं हुआ तो ठप होगा ट्रांसपोर्टिंग कार्य

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि प्रबंधन हर बार समस्याओं के समाधान का आश्वासन देकर मामले को टाल देता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही भू-धंसान, गोफ और गैस रिसाव की समस्या पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र की आउटसोर्सिंग परियोजनाओं सहित कोयला ट्रांसपोर्टिंग कार्य पूरी तरह से ठप कर दिया जाएगा।

बाद में ईजे एरिया के महाप्रबंधक टुनेश्वर पासवान अपने कक्ष से बाहर आए और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनका ज्ञापन स्वीकार किया। इस दौरान समिति के शंभू वर्णवाल और रितेश गुप्ता ने जीएम से ब्लास्टिंग पर तत्काल रोक लगाने, गैस रिसाव को नियंत्रित करने, प्रदूषण नियंत्रण की व्यवस्था करने, जलसंकट दूर करने, प्रभावित लोगों को सहायता प्रदान करने तथा भू-धंसान के कारणों की विशेषज्ञों से जांच कराने की मांग की।

महाप्रबंधक ने जलसंकट के समाधान के लिए सर्वे कराकर आवश्यक व्यवस्था करने तथा अन्य मांगों पर मुख्यालय से बातचीत कर कमेटी गठित कर त्वरित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो परियोजना और ट्रांसपोर्टिंग कार्य को अनिश्चितकालीन बंद कर दिया जाएगा।

मौके पर शंभू वर्णवाल, रितेश गुप्ता, विवेक सिंह, सुरेश अग्रवाल, विष्णु शर्मा, हरेंद्र यादव, रोहित गोप, विनोद यादव, श्रवण कुमार, कोमल खातुन, रवि साहू, श्रवण वर्मा, मनीष पांडेय, दीपक पासवान, उमाचरण मोदक, गोरे यादव, शुभम गुप्ता, सुमित साव, उदय निषाद, विक्की कुमार सहित कई लोग उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top