




भक्ति भाव के साथ चांद कुइया में चैत्र नवरात्रि पाठ आरंभ
डीजे न्यूज़, तिसरा,धनबाद :
चांद कुइया में श्री श्री 108 श्री चैत्र नवरात्रि पाठ का शुभारंभ आचार्य विद्यासागर पांडे के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ किया गया। इस अवसर पर आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित होकर पूजा-अर्चना में शामिल हुए।
आचार्य विद्यासागर पांडे ने बताया कि वर्ष में दो बार नवरात्रि का पर्व मनाया जाता है—चैत और आश्विन माह में। इन दोनों ही नवरात्रों का विशेष धार्मिक महत्व है। खासकर झारखंड और बिहार के श्रद्धालु विंध्याचल सहित विभिन्न शक्तिपीठों में जाकर माता रानी की आराधना करते हैं।
उन्होंने कहा कि पूरे नौ दिनों तक नियमित रूप से पूजा-पाठ किया जाएगा तथा नवमी के दिन हवन, कन्या पूजन और ब्राह्मण भोज का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालु अपनी श्रद्धा के अनुसार इन अनुष्ठानों में भाग लेते हैं।
इस धार्मिक आयोजन में यजमान के रूप में दीपक पांडे एवं रेखा भट्ट मौजूद रहे। वहीं कई श्रद्धालु माता वैष्णो देवी के दर्शन कर भी अपनी आस्था प्रकट करते हैं। आचार्य ने कहा कि सच्चे मन और विधि-विधान से की गई पूजा से माता रानी भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं।
पूरे कार्यक्रम के दौरान “जय माता दी” और “दुर्गा मां की जय” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।



