भाजपा ने जनजातीय समाज को उनका खोया सम्मान वापस दिलाया : सुनील सोरेन

Advertisements

भाजपा ने जनजातीय समाज को उनका खोया सम्मान वापस दिलाया : सुनील सोरेन

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस मनाएगी भाजपा
डीजे न्यूज, जामताड़ा : झारखंड के जामताड़ा परिसदन में गुरुवार को भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण के नेतृत्व में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान दुमका के पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश के जनजातीय नायकों की गाथा को आम जनता तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जनजातीय समुदाय को जो सम्मान दिया है, वह अभूतपूर्व है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा और अन्य जनजातीय नायकों की गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भाजपा का कर्तव्य और गौरव है।
पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि “जनजातीय समाज ने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ सबसे पहले आवाज बुलंद की और अनेक वीर योद्धाओं ने देश की आज़ादी के लिए संघर्ष किया।” उन्होंने संथाल हूल (30 जून 1855), मुंडा उलगुलान (1899–1900), असम का आहोम विद्रोह (1828–1833), मेघालय का झांसी विद्रोह (1829–1833), सिंपर विद्रोह (1830–1845), मणिपुर का कुर्की विद्रोह (1917–1919), नागा विद्रोह (1931–1932), चकमा विद्रोह (1717–1787) और छत्तीसगढ़ का हलवा विद्रोह (1717–1749) जैसे अनेक आंदोलनों का उल्लेख करते हुए कहा कि “देश की स्वतंत्रता की नींव में हमारे जनजातीय नायकों का खून और बलिदान शामिल है।”
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार आने के बाद ही जनजातीय समाज को उसका सही सम्मान मिलना शुरू हुआ। आज आदिवासियों की भाषा, संस्कृति और पहचान को सहेजने के लिए केंद्र सरकार ने कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि “आदिवासी समाज को सम्मान देने की दिशा में मोदी सरकार ने इतिहास रचा है — आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी आसीन हैं, जो जनजातीय समाज के गौरव की प्रतीक हैं।” सोरेन ने बताया कि मोदी सरकार ने संथाली भाषा को 8वीं अनुसूची में शामिल कर सम्मान दिया है और अब संसद के भाषणों का संथाली भाषा में अनुवाद भी उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा, आदिवासी छात्रों के लिए विदेशों में उच्च शिक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है और जनजातीय मामलों के लिए अलग मंत्रालय बनाया गया है।
इस अवसर पर भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे, जिला महामंत्री मितेश शाह, दिलीप हेमब्रम, जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सर्कल, भाजपा नेता महेंद्र मंडल, मीडिया प्रभारी आभा आर्या, मीडिया सह प्रभारी प्रदीप राउत, कार्यालय मंत्री प्रवीण आनंद, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष अब्दुल रकीब अंसारी, अबीता हांसदा, अंजनी तिवारी और उत्तम हेमब्रम उपस्थित रहे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि “जनजातीय गौरव दिवस” सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि अपने महान पूर्वजों के बलिदान और परंपरा को याद करने का अवसर है। भाजपा हर गांव, हर पंचायत में इन वीर नायकों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top