भाजपा कुर्मी विरोधी : जेपी पटेल 

Advertisements

भाजपा कुर्मी विरोधी : जेपी पटेल

तीन बार के सांसद विद्युत वरण महतो को नहीं बनाया मंत्री, कुर्मी होने के कारण विधायक दल के नेता के लिए मेरा नाम अंतिम समय में काट दिया गया था

डीजे न्यूज, गिरिडीह : झारखंड के पूर्व मंत्री व कांग्रेस के गिरिडीह जिला प्रभारी जेपी पटेल ने कहा है कि भाजपा कुर्मी विरोधी पार्टी है। यही कारण है कि विद्युत वरण महतो जमशेदपुर जैसे क्षेत्र से तीन बार के सांसद हैं लेकिन उन्हें केंद्र सरकार में मंत्री नहीं बनाया जबकि पहली बार चुनाव जीते रांची के सांसद संजय सेठ जो बाहर से आकर यहां बसे हैं, उन्हें केंद्र में गृह राज्य मंत्री बना दिया। पटेल ने अपना भी उदाहरण देते हुए कहा कि वह खुद भाजपा में थे। झारखंड में भाजपा विधायक दल के नेता में उनका नाम फाइनल था लेकिन, अंतिम समय में कुर्मी होने के कारण मेरा नाम काट दिया गया। जेपी पटेल ने यह बातें शुक्रवार को यहां सर्किट हाउस में कांग्रेस की बैठक के बाद पत्रकार वार्ता में कही।

जेपी पटेल ने कुर्मी को अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल करने की मांग को लेकर शनिवार को रेल रोको आंदोलन का खुला समर्थन किया। कहा कि झारखंड की अर्जुन मुंडा सरकार ने कुर्मी को अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल करने की अनुशंसा केंद्र से की थी। वही मुंडा जब खुद केंद्र सरकार मेंं जनजातीय मंत्री बने तो कुर्मी को अनदेखा की जबकि वह कुर्मी वोट से ही जीतते रहे हैं। हम इस मांग के समर्थन में लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। कुर्मी को अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल करने से दूसरे का हक नहीं मारा जाएगा। कुर्मी प्रकृति के पूजक हैं। उन्होंने मांग की है कि राज्य सरकार एक बार फिर से मंत्रिपरिषद से इस प्रस्ताव को केंद्र को भेजे। पटेल ने कहा कि गठबंधन सरकार ने पिछड़ा आयोग बनाया जिससे जातिगत जनगणना का रास्ता आसान होगा। प्रदेश प्रभारी के नेतृत्व में कांग्रेस संगठन नए सिरे से खड़ा हो रहा है। नगर निगम चुनाव में भी हम जीत दर्ज करेंगे।

गिरिडीह नगर निगम के चुनाव में पिछली बार कांग्रेस उम्मीदवार का काफी बेहतर प्रदर्शन था। हम दूसरे नंबर पर थे। इस बार मेहनत करेंगे और पार्टी के समर्थित उम्मीदवार को जीत दिलाएंगें।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top