
भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबुल गुप्ता का निधन, मध्यदेशीय समाज में शोक की लहर
डीजे न्यूज, गिरिडीह : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता बाबुल गुप्ता का निधन हो गया। लगभग 80 वर्षीय बाबुल गुप्ता ने आज अपने निवास स्थान पर अंतिम सांस ली। वे पिछले कुछ वर्षों से बीमार चल रहे थे।
बाबुल गुप्ता जनसंघ काल से ही भाजपा से जुड़े हुए थे। जब गिरिडीह में भाजपा संगठन मजबूत नहीं था, तब भी उन्होंने पार्टी का झंडा थामे रखा और क्षेत्र में एक चर्चित नेता के रूप में पहचान बनाई। उनके निधन की खबर फैलते ही मध्यदेशीय वैश्य समाज में शोक की लहर दौड़ गई।
समाज के प्रदेश मंत्री रिंकेश कुमार ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर्गीय बाबुल गुप्ता न केवल भाजपा के वरिष्ठ नेता थे, बल्कि मध्यदेशीय वैश्य समाज गिरिडीह के अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके थे। उन्होंने कहा कि समाज के लिए यह बेहद दुखद दिन है क्योंकि बाबुल गुप्ता के निधन से कुछ ही देर पहले समाज के जिलाध्यक्ष सुजीत गुप्ता के पिता केदार गुप्ता का भी देहांत हो गया था।
शोक व्यक्त करने वालों में समाज के प्रमुख सदस्य जितेंद्र गुप्ता, आलोक गुप्ता, पारस गुप्ता, विकास गुप्ता, रवि गुप्ता, निशांत गुप्ता, जयदेव गुप्ता, रिशु गुप्ता, रोहित गुप्ता, चंदन गुप्ता, मनीषा नारायण साह सहित अन्य लोग शामिल रहे।
बाबुल गुप्ता के निधन से भाजपा और मध्यदेशीय समाज को बड़ी क्षति हुई है। समाज के लोगों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवारों को संबल देने की कामना की।