भाजपा का सख्त संदेश: बागियों पर गिरी अनुशासन की गाज पूर्व विधायक संजीव, भृगुनाथ और मुकेश सहित अन्य को शो-कॉज नोटिस जारी

Advertisements

भाजपा का सख्त संदेश: बागियों पर गिरी अनुशासन की गाज

पूर्व विधायक संजीव, भृगुनाथ और मुकेश सहित अन्य को शो-कॉज नोटिस जारी

डीजे न्यूज, धनबाद: नगर निकाय चुनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक अनुशासन को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया है कि पार्टी लाइन से हटकर कार्य करने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं है। धनबाद नगर निगम चुनाव में महापौर पद के भाजपा समर्थित प्रत्याशी संजीव कुमार एवं अन्य अधिकृत प्रत्याशियों के विरुद्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर पूर्व विधायक संजीव सिंह, भृगुनाथ भगत, मुकेश पांडेय सहित कई अन्य नेताओं को पार्टी की ओर से शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है।  पार्टी के प्रदेश के महामंत्री सह राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा ने झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के आदेश पर चिट्ठी जारी की है।
संबंधित नेताओं से स्पष्टीकरण तलब किया गया है और उनके जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो पार्टी संविधान के तहत कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट किया है कि संगठन हित सर्वोपरि है और पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ किसी भी प्रकार की गतिविधि को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह कार्रवाई कार्यकर्ताओं और नेताओं को स्पष्ट संदेश है कि चुनाव के दौरान अनुशासन, एकजुटता और संगठनात्मक प्रतिबद्धता अनिवार्य है। धनबाद नगर निगम चुनाव में महापौर पद के भाजपा समर्थित प्रत्याशी संजीव कुमार के पक्ष में तेज लहर चल रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा है कि सभी पार्टी कार्यकर्ता और नेता संजीव कुमार की जीत सुनिश्चित करें।
पार्टी नेतृत्व ने भरोसा जताया है कि समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन से भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित होगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top