



भाईचारे के पर्व होली को शांतिपूर्ण माहौल में मनाना सभी की जिम्मेवारी : रामनिवास यादव

जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी थाना प्रभारी समेत संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक में उपायुक्त ने दिए निर्देश
डीजे न्यूज, गिरिडीह : होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने वीसी के माध्यम से जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी थाना प्रभारी समेत संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।
बैठक में विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने का निर्णय लिया गया। उपायुक्त ने नगर निकायों को साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति एवं प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि होली के दिन एवं उसके पूर्व बाजारों में भीड़ अधिक रहती है, इसलिए यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने हेतु विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाए।
उन्होंने अग्निशमन विभाग को सतर्क रहने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी आकस्मिक घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि पर्व के दौरान अफवाहों पर तत्काल नियंत्रण रखा जाए तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। इसके लिए जिला नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखते हुए 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
उपायुक्त ने कहा कि होली रंगों का त्योहार है, जो आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है। सभी समुदाय आपसी समन्वय बनाए रखते हुए पर्व को सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाएं। स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, एंबुलेंस सेवाओं को अलर्ट मोड में रखने तथा आपातकालीन सेवाओं के लिए विशेष व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा किसी भी तकनीकी खराबी को तत्काल दूर करने को कहा गया।
शांति समिति के सदस्यों ने भी अपने सुझाव दिए और लोगों से प्राकृतिक एवं सुरक्षित रंगों का प्रयोग करने तथा किसी पर जबरन रंग न डालने की अपील की। महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार ने बताया कि सभी थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया जाएगा तथा असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी। शराब की अवैध बिक्री एवं हुड़दंग की घटनाओं को रोकने के लिए सघन छापेमारी अभियान चलाया जाएगा। डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को लेकर निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
बैठक में विशेष रूप से बीएनएस की धारा 126 के तहत आवश्यकतानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, गश्ती दलों की संख्या बढ़ाने तथा कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने को कहा गया।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि यदि कोई व्यक्ति शांति भंग करने की आशंका उत्पन्न करता है या माहौल खराब करने का प्रयास करता है, तो उसके विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही सभी थाना एवं अनुमंडल स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने कहा कि स्थानीय स्तर पर संवाद ही संभावित विवादों को रोकने का सबसे प्रभावी माध्यम है। असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई करने तथा पूर्व में विधि-व्यवस्था से संबंधित मामलों में संलिप्त व्यक्तियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश भी दिए गए। सोशल मीडिया पर भ्रामक या उकसाने वाली पोस्ट प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।




