बहा पर्व की तैयारियों को लेकर प्रशासन सतर्क, अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण

Advertisements

बहा पर्व की तैयारियों को लेकर प्रशासन सतर्क, अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण

डीजे न्यूज,

पीरटांड, गिरिडीह : आगामी बहा पर्व की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। बुधवार को एसडीपीओ सुमीत प्रसाद, बीडीओ मनोज मरांडी एवं सीओ ह्रषिकेश मरांडी ने दिशोम मांझीथान पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने मरांग बुरु जुग जाहेर बोंगा बुरु समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की।

समिति की ओर से जानकारी दी गई कि बहा पर्व का आयोजन 18 से 20 फरवरी तक किया जाएगा। पर्व को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और विभिन्न तैयारियां अंतिम चरण में हैं। बैठक में आयोजन स्थल की व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक प्रबंधों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

इधर, बहा पर्व का निमंत्रण देने के उद्देश्य से मंगलवार को मरांग बुरु जुग जाहेर बोंगा बुरु समिति के पदाधिकारी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी मिले। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री को विधिवत आमंत्रण सौंपा गया है। संभावना जताई जा रही है कि बहा पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। हालांकि इसकी अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

 

बुधवार को मांझीथान पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने विशेष रूप से विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि पर्व शांतिपूर्ण और गरिमामय तरीके से संपन्न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top