




बगोदर विधानसभा स्तरीय सम्मेलन की तैयारी में जुटे भाजपाई
आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान’ को बना रहे जन आंदोलन
डीजे न्यूज, बिरनी (गिरिडीह) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान’ और ‘हर घर स्वदेशी – घर-घर स्वदेशी’ के आह्वान को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता जोर-शोर से तैयारी में जुटे हैं। इसी क्रम में आगामी 23 अक्टूबर को सरिया में होने वाले बगोदर विधानसभा स्तरीय सम्मेलन को लेकर बिरनी, बगोदर और सरिया मंडल के सभी पंचायतों में प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
बिरनी क्षेत्र के विभिन्न गांवों में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं द्वारा बैठकें आयोजित कर ग्रामीण महिलाओं और पुरुषों को प्रधानमंत्री के आह्वान की जानकारी दी जा रही है। लोगों को स्वदेशी उत्पाद अपनाने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनने का संदेश दिया जा रहा है। जिला कार्यसमिति सदस्य सह प्रभारी लक्ष्मण दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया है। इसके लिए हर नागरिक को स्वदेशी उत्पादों को अपनाना होगा और देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना होगा। उन्होंने कहा कि भारत के युवा और समाज के सभी वर्ग सजग होकर इस दिशा में कार्य करें। उन्होंने साथ ही बिरनी के एक सरकारी स्कूल के सहायक शिक्षक द्वारा किशोरी छात्रा से छेड़खानी के मामले में आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर सजा की मांग भी की। बैठक में सांसद प्रतिनिधि देवनाथ राणा, प्रेमचंद कुशवाहा, मुखिया निरंजन वर्मा, विशेष्वर साव, विनोद मंडल, रामु यादव, राजू मंडल, मनोज यादव, मनोज वर्मा, आजाद तुरी, छोटू राम, सुजीत लोहानी, रंजीत राय, शंकर राणा, श्यामसुंदर साव, विजय भारती, माणिक राणा, रामकृष्ण वर्मा सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
