बगोदर में खोरठा कविताओं की पोस्टर प्रदर्शनी, एके झा की स्मृति को किया समर्पित

Advertisements

बगोदर में खोरठा कविताओं की पोस्टर प्रदर्शनी, एके झा की स्मृति को किया समर्पित

डीजे न्यूज, बगोदर (गिरिडीह) :

दुर्गापूजा के मौके पर खोरठा जनभाषा शिक्षण एवं शोध केंद्र, बगोदर की ओर से बस स्टैंड परिसर में दो दिवसीय (2–3 अक्टूबर) खोरठा कविताओं की पोस्टर और पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह प्रदर्शनी खोरठा मनीषी, जन साहित्यकार एवं देशज मौसम वैज्ञानिक श्रद्धेय ए.के. झा की स्मृति को समर्पित थी।

उद्घाटन सहायक अध्यापक संघ के जिला अध्यक्ष नारायण महतो ने किया। प्रदर्शनी में खोरठा भाषा के जन रचनाकारों की दो दर्जन से अधिक चुनिंदा कविताओं के हस्तलिखित पोस्टर लगाए गए। इनमें “खोरठा, आपन देसेक भासा…” और “बॉटइ जे मानुस के…” जैसी कविताएं विशेष आकर्षण रहीं।

इसके अलावा डॉ एके झा, डॉ. बीएन ओहदार, श्रीनिवास पानुरी, गिरधारी गोस्वामी “आकाशखूंटी”, फाल्गुनी मरिक कुशवाहा, महेंद्र प्रबुद्ध और संदीप कुमार महतो जैसे रचनाकारों की रचनाएं भी प्रदर्शित की गईं। साथ ही, आठवीं से लेकर स्नातकोत्तर स्तर तक की खोरठा विषय की किताबें भी प्रदर्शनी का हिस्सा बनीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नारायण महतो ने कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य खोरठा भाषा के अध्ययन-अध्यापन को बढ़ावा देना और नई पीढ़ी को मातृभाषा पढ़ने-लिखने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने सरकार से मांग की कि खोरठा सहित सभी क्षेत्रीय और जनजातीय भाषाओं की पढ़ाई स्कूली स्तर से अनिवार्य की जाए, शिक्षकों की नियुक्ति हो और किताबों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

इस आयोजन में प्रो. हेमलाल महतो, आइसा राज्य अध्यक्ष विभा पुष्पा दीप, जितेंद्र महतो, नीलकंठ महतो, हिमांशु रंजन और पप्पू कुमार रूपेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top