



बगोदर में जेएलकेएम को माले और भाजपा का विकल्प बनाने का संकल्प

डीजे न्यूज, बगोदर(गिरिडीह) : झारखंड क्रांतिकारी लोकतांत्रिक मोर्चा (जेएलकेएम) की प्रखंड इकाई की बैठक शनिवार को बगोदर स्टेडियम में आयोजित हुई। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि झारखंड बने 24 वर्ष बीत जाने के बावजूद शहीदों के सपनों का राज्य साकार नहीं हो सका। इंडिया और एनडीए गठबंधन ने बारी-बारी से राज्य को लूटने का काम किया है, जिससे जनता अब त्रस्त है।
नेताओं ने कहा कि बगोदर में भाजपा और माले को जनता ने बहुमूल्य वोट देकर विधायक बनाया, लेकिन जनभावनाओं पर खरा उतरने के बजाय ये दल अधिकारियों के साथ मिलकर हर मोर्चे पर दलाली में मशगूल हैं। थाना, प्रखंड और अंचल स्तर पर भ्रष्टाचार चरम पर है, बिना चढ़ावे के कोई काम नहीं होता। जनता अब भाजपा और माले से मुक्ति चाहती है और जेएलकेएम को तीसरे विकल्प के रूप में उम्मीद भरी निगाहों से देख रही है। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जेएलकेएम राज्यभर में सघन सदस्यता अभियान चलाएगी और भ्रष्ट अधिकारियों व दलाल नेताओं के खिलाफ मोर्चा खोलेगी।
नेताओं ने यह भी जानकारी दी कि जेएलकेएम के शिष्टमंडल ने घघरा साइंस कॉलेज प्राचार्य से नाइजर में अपहृत प्रवासी मजदूरों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है, जिस पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष उमेश महतो ने की जबकि संचालन अमजद खान ने किया। मौके पर केंद्रीय उपाध्यक्ष दिनेश साहू, मुमताज अंसारी, प्रेमचंद साहू, विश्वनाथ साव, शाहिद अंसारी, ललिता ठाकुर, कुंजलाल साव, निरंजन महतो, जगदीश प्रसाद गुप्ता, राकुमार रवानी, इमामन अंसारी, सोहनलाल महतो, विजय ठाकुर, नागेश्वर ठाकुर, महमूद खान, अमृत महतो, बुलाकी महतो समेत दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
