बगोदर में हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने भाजपा जुटी जोश और जुनून के साथ, गांव-गांव पहुंचेगा राष्ट्रभक्ति का संदेश

Advertisements

बगोदर में हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने भाजपा जुटी जोश और जुनून के साथ, गांव-गांव पहुंचेगा राष्ट्रभक्ति का संदेश
डीजे न्यूज, बगोदर (गिरिडीह) : हर घर तिरंगा और तिरंगा यात्रा कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी की एक अहम तैयारी बैठक गुरुवार को बगोदर बस स्टैंड स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई। अध्यक्षता सांसद प्रतिनिधि एवं हर घर तिरंगा कार्यक्रम के बगोदर मंडल प्रभारी महेश मिश्रा ने की।
बैठक में बताया गया कि 10 अगस्त से 15 अगस्त तक विशेष अभियान के तहत हर घर पर तिरंगा फहराने का कार्यक्रम चलेगा। वहीं, 14 अगस्त को तिरंगा यात्रा के तहत एक भव्य बाइक रैली निकाली जाएगी, जो बगोदर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए बस स्टैंड परिसर में समाप्त होगी। इसके बाद वहां एक नुक्कड़ सभा का आयोजन होगा।
स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों और सैनिक परिवारों को मिलेगा सम्मान
बैठक में यह भी तय किया गया कि तिरंगा यात्रा कार्यक्रम के तहत क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानियों, पूर्व सैनिकों और वर्तमान सैनिकों के परिजनों को उनके घर जाकर सम्मानित किया जाएगा। यह पहल राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को सम्मानित करने और देशभक्ति के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक प्रयास है।
यह आयोजन नहीं, राष्ट्रभक्ति का अभियान है : महेश मिश्रा
बैठक को संबोधित करते हुए महेश मिश्रा ने कहा कि यह केवल एक आयोजन नहीं है, बल्कि राष्ट्रभक्ति को पुनर्जीवित करने का अभियान है। हमारा संकल्प है कि तिरंगा सिर्फ घरों पर नहीं, बल्कि हर दिल पर लहराए। हर नागरिक को भारत के गौरव और स्वाभिमान का अनुभव कराना हमारा उद्देश्य है।
कार्यकर्ताओं को सौंपे गए दायित्व, व्यापक प्रचार की अपील
बैठक में मौजूद सभी भाजपा कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने और प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई। कार्यक्रम की रूपरेखा, जिम्मेदारियां और क्षेत्रवार दायित्व तय किए गए ताकि अभियान को व्यापक और प्रभावशाली रूप में सफल किया जा सके।
इस अवसर पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से कार्यकारी मंडल अध्यक्ष जगदीश महतो, सुदीप जायसवाल, राजू सिंह, संजय चौरसिया, अशोक सोनी, दीपू मंडल, वीरू सिंह, धनंजय सिंह, प्रवीण जायसवाल, मिकी देवी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top