



बेनी कला में दावत-ए-इफ्तार का आयोजन, भाईचारे का दिया संदेश

डीजे न्यूज़,पलामू :
सोमवार को अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रखंड अध्यक्ष जनाब जुबैर अंसारी द्वारा जपला शहर से लगभग छह किलोमीटर दूर उनके पैतृक गांव बेनी कला में दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भाग लिया। खासकर शिक्षक समुदाय की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
प्रखंड अध्यक्ष जुबैर अंसारी ने बताया कि रमजान के पवित्र महीने में सूर्यास्त के समय मगरिब की अजान के बाद रोजेदार दिन भर का निर्जला उपवास (रोजा) खोलते हैं, जिसे इफ्तार कहा जाता है। यह सामूहिक दावत भाईचारे, आपसी प्रेम और रूहानी सुकून का प्रतीक होती है। इफ्तार के दौरान खजूर, फल तथा घर में बने विभिन्न व्यंजनों के साथ रोजा खोला जाता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में मिलनसारिता, आपसी सद्भाव और एकता का संदेश मिलता है। साथ ही परमपिता परमेश्वर से देश में अमन-चैन, सुख-शांति और भाईचारे के लिए दुआ की जाती है।
इफ्तार के बाद सभी के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई थी, जिसमें उपस्थित लोगों ने स्वादिष्ट बिरयानी का आनंद लिया।
कार्यक्रम में पूर्व डीडीओ रामेश्वर सर, प्रखंड सचिव निर्मल कुमार, विनोद प्रसाद, राजेश कुमार गुप्ता, सैय्यद शाने अहमद, शकील अहमद, जितेंद्र राम, धुरेन्द्र पटेल, मनोज कुमार चौधरी, प्रमोद पासवान, महेंद्र बैठा सहित दर्जनों शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।



