



बेहतर समन्वय और ट्रैफिक प्लान से सफल रहा पोलिंग पार्टियों का डिस्पैच

डीजे न्यूज, देवघर : नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत कुमैठा स्पोर्ट्स स्टेडियम स्थित डिस्पैच सेंटर से देवघर नगर निगम एवं मधुपुर नगर परिषद के लिए पोलिंग पार्टियों को सुचारू रूप से रवाना किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा के निर्देशानुसार पूर्व में ही विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार कर लिया गया था, जिससे जाम की संभावित स्थिति पूरी तरह नियंत्रित रही।
देवघर और मधुपुर क्षेत्र हेतु वाहनों के आवागमन की अलग-अलग व्यवस्था की गई थी। परिणामस्वरूप किसी भी स्थान पर अव्यवस्था या यातायात बाधा उत्पन्न नहीं हुई और सभी पोलिंग पार्टियां समय पर अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए प्रस्थान कर गईं।
डिस्पैच सेंटर पर मतदानकर्मियों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। बड़े-बड़े साइन बोर्ड लगाकर विभिन्न काउंटरों की स्पष्ट पहचान सुनिश्चित की गई थी। देवघर एवं मधुपुर के लिए अलग-अलग डिस्पैच व्यवस्था की गई थी। हेल्प डेस्क, स्वास्थ्य केंद्र, मोबाइल शौचालय एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई गई थी।
साथ ही विशाल अस्थायी टेंट लगाए गए थे, जहां मतदान कर्मी चुनाव सामग्री की जांच के बाद अपने बूथों के लिए रवाना हो सके। विभिन्न कोषांगों के अलग-अलग काउंटर बनाए जाने से सामग्री वितरण की प्रक्रिया सुगम रही और किसी भी पोलिंग पार्टी को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। प्रशासनिक सतर्कता और सुनियोजित प्रबंधन के कारण पूरी डिस्पैच प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।




