




बीसीसीएल के रामकनाली कोलियरी में अपराधियों ने मचाया उत्पात
कोलकर्मियों को बंधक बना छह सौ फीट केबल की लूट
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): बीसीसीएल के रामकनाली कोलियरी में सोमवार की रात अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। दर्जनों की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने खदान में घुसकर कर्मियों को बंधक बना लिया और करीब 600 फीट केबल काटकर फरार हो गए। जाते-जाते अपराधियों ने खदान की टेलीफोन लाइन भी क्षतिग्रस्त कर दी, जिससे संपर्क पूरी तरह टूट गया। खदान इंचार्ज राजेश मंडल के अनुसार अपराधियों ने पहले मुख्य द्वार को काटकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद कर्मियों के कैपलैम्प छीनकर उन्हें बंधक बना लिया और घंटों तक केबल काटते रहे। काफी देर तक कर्मियों के बाहर नहीं आने पर प्रबंधन को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद इंचार्ज ने अंदर जाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
हैरत की बात यह है कि घटनास्थल रामकनाली ओपी से महज कुछ ही दूरी पर स्थित है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस खदान में पहले भी कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। फिलहाल बीसीसीएल प्रबंधन ने मामले की लिखित शिकायत थाना में देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। लगातार हो रही इन घटनाओं से आसपास के करीब 15 हजार की आबादी पर जल संकट का खतरा मंडराने लगा है। वहीं कर्मियों में भय इतना बढ़ गया है कि वे अब खदान में ड्यूटी करने से भी डर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा के लिए सीआईएसएफ की तैनाती सहित कड़े कदम उठाने की मांग की है।



