



बीसीकेयू ने तीसरे दिन कुजामा में ठप किया डिस्पैच व ट्रांसपोर्टिंग
13 सूत्री मांगों को लेकर मजदूरों का आंदोलन अौर जोर पकड़ा
डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : 13 सूत्री मांगों के समर्थन में बिहार कोलियरी कामगार यूनियन एवं भाकपा माले की ओर से चल रहा अनिश्चितकालीन आंदोलन रविवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। शनिवार को प्रबंधन एवं यूनियन प्रतिनिधियों के बीच हुई वार्ता विफल हो गई थी, जिसके बाद मजदूरों ने आंदोलन को और तेज कर दिया।
कल बस्ताकोला व लोदना क्षेत्र में ट्रांसपोर्टिंग और डिस्पैच का कार्य पूरी तरह बंद कर दिया गया था। वहीं आज लोदना क्षेत्र के कुजामा आउटसोर्सिंग परियोजना का काम भी ठप कर दिया गया। आंदोलनकारियों ने ट्रांसपोर्टिंग मार्ग में झंडा लगाकर काम को अवरुद्ध कर दिया, जिससे दोनों क्षेत्रों में पूरी तरह कामकाज प्रभावित हो गया है।
काम बंद होने से प्रबंधन को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। आंदोलन का असर रैक लोडिंग पर भी साफ तौर पर देखा जा रहा है।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे शिव बालक पासवान ने बताया कि प्रबंधन बार-बार केवल आश्वासन दे रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि इस बार लड़ाई आर-पार की होगी।
उन्होंने बताया कि गोलकडीह परियोजना में कार्यरत शुभम बाउरी की मृत्यु के बाद उसकी पुत्री सीमा को नौकरी दी गई थी, लेकिन बाद में उसे काम से बैठा दिया गया। इसके अलावा क्षेत्र में पानी की समस्या बनी हुई है और असंगठित मजदूरों को एचपीसी का लाभ भी नहीं मिला है।
शिव बालक पासवान ने आरोप लगाया कि प्रबंधन की कथनी और करनी में भारी अंतर है, जिससे मजदूरों में काफी आक्रोश है। आंदोलन के दौरान मजदूरों ने प्रबंधन विरोधी जमकर नारेबाजी की।
आंदोलन के कारण बस्ताकोला और लोदना दोनों क्षेत्रों में आउटसोर्सिंग, डिस्पैच और ट्रांसपोर्टिंग का कार्य पूरी तरह ठप है।



