



बीबीएम स्टेडियम राजगंज में जेपीएल क्रिकेट लीग का आगाज
बाघमारा ब्रदर्स ने गोविंदपुर जीनियस को किया पराजित
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): शरीर को स्वस्थ रखकर हीं जीवन में बेहतर प्रदर्शन किया जा सकता है और इसके लिए खेल बहुत जरूरी है।
झारखंड ऑफिसर्स टीचर्स एंड एम्प्लॉयज फेडरेशन (झारोटेफ) ने इसी आगाज के साथ अपने सदस्यों के बीच जेपीएल क्रिकेट लीग का शुभारंभ किया।
राजगंज के बीबीएम स्टेडियम बागदाहा में लीग का पहला मैच बाघमारा ब्रदर्स और गोविंदपुर जीनियस के बीच खेला गया। बारह ओवर के इस सीमित मैच में बाघमारा ब्रदर्स ने 28 रनों से जीत हासिल की। सर्वाधिक 46 रन बटोर कर बाघमारा ब्रदर्स के अभिषेक तिवारी मैन ऑफ द मैच बने। बाघमारा ब्रदर्स के कप्तान ब्रजेश भट्ट ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया । बाघमारा की टीम ने कुल बारह ओवर में 9 विकेट खोकर 127 रन बनाया। जवाबी पारी खेलते हुए मोहम्मद इकबाल की कप्तानी में गोविंदपुर की टीम 12 ओवर में एक सौ रन पर सिमट गई।
इससे पूर्व लीग मैच का उद्घाटन जिप सदस्य प्रतिनिधि एवं पूर्व विधायक प्रतिनिधि हलधर महतो ने किया । उन्होंने झारोटेफ के इस प्रयास को काफी अनुकरणीय बताया।
मैच में उम्दा प्रदर्शन करने वाले झारोटेफ के जिलाध्यक्ष जय होरो ने मौके पर कहा कि खेल हमारे जीवन में सकारात्मकता लाती है। इससे जीवनशैली गतिमान रहती है। झारोटेफ के प्रांतीय उप महासचिव ब्रजेश भट्ट के मुताबिक लीग के अगले मैच जिले के प्रखंड मुख्यालयों के साथ अलग अलग स्थानों में खेले जाएंगे।साथ हीं संगठन द्वारा राज्य स्तर भी लीग के मैच आयोजित होंगे।
आयोजन को लेकर जिला सचिव राकेश कुमार, कोषाध्यक्ष संजय गिरि, मो इकबाल, रेवती रमण, दिलीप महतो, नरेश कुमार महतो, मनोज कुमार, सुशांत कुमार, राजेश मंडल, श्रीनिवास, सुरेन्द्र कुमार, कामू प्रसाद आदि सक्रिय रहे।



