
बीबीएम इंटर कॉलेज विकास समिति ने स्थानीय भाषा व संस्कृति के विकास पर किया मंथन
डीजे न्यूज, बलियापुर/धनबाद: बीबीएम इंटर कॉलेज विकास समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को कॉलेज प्रांगण में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आनंद महतो ने की। इस दौरान कॉलेज के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में क्षेत्रीय भाषा एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन को लेकर विशेष रूप से विचार किया गया। कॉलेज की ओर से विभिन्न स्थानीय भाषाओं में प्रकाशित होने वाली पत्रिका ‘नूतन डहर’ के आगामी प्रकाशन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने और जनजातीय व पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत को सहेजने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा कॉलेज परिसर में समिति के स्थायी कार्यालय निर्माण को लेकर भी आवश्यक निर्णय लिया गया। निर्माण कार्य जल्द शुरू किए जाने की संभावना जताई गई।
बैठक में समिति के सचिव गणेश महतो, कोषाध्यक्ष जगदीश प्रसाद अग्रवाल, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार महतो, प्रोफेसर वरुण सरकार, काशीनाथ मंडल, संतोष रवानी, दिलीप महतो, समीर मुर्मू समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे।
विकास समिति ने भविष्य में कॉलेज की शैक्षणिक गुणवत्ता और सांस्कृतिक गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।