बच्चा चोर की अफवाह से सावधान, कानून अपने हाथ में न लें सोशल मीडिया संदेशों से फैल रही दहशत, निर्दोष लोगों पर हो रहे हमले

Advertisements

बच्चा चोर की अफवाह से सावधान, कानून अपने हाथ में न लें

सोशल मीडिया संदेशों से फैल रही दहशत, निर्दोष लोगों पर हो रहे हमले

डीजे न्यूज, धनबाद : शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों “बच्चा चोर” की अफवाहों को लेकर लोगों में भय और असमंजस का माहौल बना हुआ है। पिछले कुछ दिनों में ऐसी कई घटनाएँ सामने आई हैं, जिनमें भीड़ ने केवल शक के आधार पर राह चलते लोनों, मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति या अपरिचित मजदूरों को पकड़कर मारपीट कर दी। बाद में पुलिस जांच में अधिकांश मामलों में पीड़ित व्यक्ति निर्दोष पाए गए।

दरअसल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और व्हाट्सएप ग्रुपों में प्रसारित अपुष्ट वीडियो व संदेश इस तरह की घटनाओं का मुख्य कारण बन रहे हैं। कई वीडियो अन्य राज्यों या पुराने मामलों के होते हैं, जिन्हें स्थानीय घटना बताकर न्यूज़ की तरह वायरल कर दिया जाता है। इससे लोगों में अचानक आक्रोश फैलता है और भीड़ कानून अपने हाथ में ले लेती है।

पुलिस के मुताबिक अफवाहों के कारण अब तक कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। कई मामलों में भीड़ ने पहले पूछताछ या सत्यापन तक नहीं किया। ऐसे मामलों मे अक्सर भीड़ में शामिल लोगों  की मनोदशा अचानक उग्र हो जाती है और कुछ मिनटों में सामान्य लोग भी हिंसक व्यवहार करने लगते हैं, जिसका परिणाम गंभीर अपराध के रूप में सामने आता है।

धनबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर मारपीट न करें। यदि किसी पर संदेह हो तो तुरंत स्थानीय थाना अथवा डायल 112 पर सूचना दें, पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँचकर मामले की जांच करेगी।

पुलिस ने यह भी कहा है कि अफवाह फैलाने, सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट शेयर करने या भीड़ बनाकर हिंसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में मारपीट, गंभीर चोट, हत्या के प्रयास तथा आईटी एक्ट सहित कई अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हो सकती है।

धनबाद पुलिस ने अपील करते हुए कहा कि अपुष्ट संदेश, फोटो या वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर न करें। न्यूज़ की तरह दिखने वाली खबर भी पुरानी या फ़र्ज़ी हो सकती है, लिहाजा सोशल मीडिया पर बेहद सतर्क रहें

पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनज़र अपील में कहा है कि अभिभावक बच्चों को अकेले सुनसान स्थानों पर न भेजें। बच्चों की सुरक्षा को लेकर सजग रहें। आसपास कोई अंजान शख्स दिखने पर अफवाह पर भीड़ न जुटाएँ। सदिग्ध लगे तो तुरंत पहले पुलिस को सूचना दें। शक के आधार पर किसी के साथ मारपीट बिल्कुल न करें।

धनबाद पुलिस ने लोगों से संयम और सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि अफवाह पर प्रतिक्रिया देने के बजाय कानून पर भरोसा रखें। जागरूक नागरिक ही सुरक्षित समाज का निर्माण करता है लिहाजा सतर्क रहें सुरक्षित रहें और अफवाह पर न तो भरोसा करें और न ही बेवजह किसी पर शक।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top