
बंदियों को मिला कानूनी अधिकारों का ज्ञान, मंडल कारा में विधिक शिविर एवं जेल अदालत का आयोजन
डीजे न्यूज, धनबाद : धनबाद मंडल कारा में रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के तत्वावधान में जेल अदालत एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश वीरेंद्र कुमार तिवारी के निर्देशन में संपन्न हुआ।
प्रभारी सचिव सह अवर न्यायाधीश राजीव कुमार सिंह ने जानकारी दी कि जेल अदालत में दो मामलों को विचारार्थ चिन्हित किया गया था। यद्यपि आवश्यक कानूनी शर्तें पूरी न होने के कारण इन पर तुरंत निर्णय नहीं हो सका, परंतु विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए सुनवाई की गई।
शिविर के दौरान न्यायिक अधिकारियों एवं लीगल एड डिफेंस काउंसिल (एलएडीसीएस) की टीम द्वारा जेल में बंद बंदियों को उनके विधिक अधिकारों एवं विभिन्न कानूनों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य बंदियों को कानून की जानकारी देकर उन्हें न्याय प्राप्ति की दिशा में सक्षम बनाना था।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों की एक टीम ने बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया, जिससे उनकी सेहत संबंधी समस्याओं की जांच की जा सके।
इस मौके पर न्यायिक पदाधिकारी राजीव कुमार सिंह, एलएडीसीएस के चीफ कुमार बिमलेन्दु, डिप्टी चीफ अजय कुमार भट्ट, सहायक एलएडीसीएस नीरज गोयल, शैलेन्द्र झा, सुमन पाठक, कारा अधीक्षक, जेलर, डालसा सहायक अरुण कुमार, सहायक अजय कुमार, नवीन कुमार तथा कारा विधि स्वयंसेवक विशाल कुमार सिंह उपस्थित थे।