बालू भराई में घोटाले से भू धंसान : ढुलू महतो
झरिया के भू धंसान प्रभावित धर्मनगर और ऊपर कुल्ही का सांसद ने लिया जायजा
डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : झरिया क्षेत्र के धर्मनगर और ऊपर कुल्ही में हुए भीषण भूधंसान के बाद रविवार को धनबाद सांसद ढुलू महतो मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ितों को हर संभव सहायता का भरोसा दिया और कहा कि यह घटना प्राकृतिक नहीं, बल्कि लापरवाही और भ्रष्टाचार का नतीजा है।
सांसद ने स्पष्ट आरोप लगाते हुए कहा कि कोयला निकासी के बाद बालू भराई (स्टोइंग) के कार्य में बड़े पैमाने पर घोटाला हुआ है, जिसके कारण जमीन धंस रही है और लोगों के घरों में दरारें पड़ रही हैं। उन्होंने बीसीसीएल के सीएमडी से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
ढुलू महतो ने यह भी निर्देश दिया कि सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावित परिवारों को उनकी इच्छा के अनुसार सुरक्षित स्थान पर विस्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि “माफिया तंत्र ने झरिया को बर्बादी के कगार पर ला खड़ा किया है, अब यहां के लोगों को सच्चाई समझकर जवाब देना होगा।”
निरीक्षण के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता राजकुमार अग्रवाल, पूर्व पार्षद अनूप कुमार साव, महाराणा प्रताप दल के अध्यक्ष मनोज साहु, मोहम्मद साजिद, गुलाम अंसारी, शिवराज साहू, सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र प्रसाद और रवि वर्मा भी मौजूद थे।