



बालिकाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष फोकस : उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा

डीजे न्यूज, देवघर : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बालिका गृह एवं सम्प्रेषण गृह के संचालन को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था, पोषण, स्वास्थ्य सेवाओं एवं शैक्षणिक सुविधाओं की स्थिति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बालिकाओं को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं—आवास, भोजन, स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य जांच, मानसिक परामर्श एवं शिक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ मनोवैज्ञानिक परामर्श की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि बालिका गृह एवं सम्प्रेषण गृह में रह रही बालिकाओं के पुनर्वास, कौशल विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि वे भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें। साथ ही अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा शिकायत निवारण तंत्र को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने पर बल देते हुए कहा कि बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बालिकाओं की सुविधा और सहयोग के लिए केयरटेकर की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में उपविकास आयुक्त श्री पीयूष सिन्हा, सिविल सर्जन डॉ. बी.पी. सिंह, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।




