




बाल पंचायत के बच्चों ने सीखी न्याय व्यवस्था, दिखाया नेतृत्व और जिज्ञासा का अद्भुत उदाहरण
डीजे न्यूज, गिरिडीह : कैलाश सत्यार्थी चिल्ड्रंस फाउंडेशन के तत्वावधान में देवरी प्रखंड अंतर्गत संचालित बाल मित्र ग्रामों के बाल पंचायत सदस्यों के लिए मंगलवार को जिला न्यायालय एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) का शैक्षणिक परिभ्रमण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को न्यायिक प्रणाली से परिचित कराना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना तथा उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास करना था।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को जिला न्यायालय परिसर का भ्रमण कराया गया, जहाँ उन्होंने पहली बार न्यायालय की वास्तविक कार्यवाही को नजदीक से देखा और समझा। इस अवसर पर उन्हें न्यायाधीश, अधिवक्ता एवं न्यायिक प्रक्रिया की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, जिससे बच्चों को न्याय व्यवस्था की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला।
इसके उपरांत बच्चों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) कार्यालय के सभागार में बैठाकर विधिक विशेषज्ञों-सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार मोहम्मद सफदर अली नैयर, सहायक लीगल हेड काउंसिल श्री फैयाज अहमद और श्री रविकांत शर्मा ,पैरा लीगल वालंटियर श्री कामेश्वर कुमार और श्री अशोक कुमार वर्मा द्वारा न्यायिक प्रक्रिया, बच्चों के अधिकारों एवं निःशुल्क विधिक सहायता के विषय में सरल एवं प्रभावी तरीके से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण पहलू बच्चों की जिज्ञासा एवं सक्रिय सहभागिता रही। पहली बार न्यायालय पहुंचे बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अनेक प्रश्न पूछे, जिनमें न्यायाधीश बनने की प्रक्रिया, मामलों की सुनवाई, तथा आम नागरिकों को न्याय मिलने की प्रक्रिया जैसे विषय प्रमुख रहे। विशेषज्ञों द्वारा बच्चों के सभी प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर दिया गया।
बाल पंचायत सदस्यों ने इस दौरान अनुशासन, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनकी सक्रिय भागीदारी, प्रश्न पूछने की शैली एवं सीखने की उत्सुकता यह दर्शाती है कि वे भविष्य में एक जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में अग्रसर हैं।
इस कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में न्यायिक व्यवस्था के प्रति समझ विकसित हुई तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
कैलाश सत्यार्थी चिल्ड्रंस फाउंडेशन से जिला समन्वयक सुरेंद्र पंडित, परियोजना अधिकारी संदीप नयन, सहायक परियोजना अधिकारी उदय राय, राजू सिंह सहित 20 बाल मित्र ग्रामों के बाल पंचायत सदस्य सुरुजमुनि हेंब्रम, सेलिना हेंब्रम, मुन्नी हेंब्रम, रेजिना किस्कू, निशा मुर्मू, सहित सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार मोहम्मद सफदर अली नैयर, सहायक लीगल हेड काउंसिल फैयाज अहमद और रविकांत शर्मा , पैरा लीगल वालंटियर कामेश्वर कुमार और अशोक कुमार वर्मा उपस्थित रहे।



